लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी का घोषणा-पत्र जारी करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी विकास को लेकर कई बड़े वादे किए। सपा ने सत्ता में आने पर एक साल के भीतर शिक्षा व्यवस्था के सभी रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने और अनुबंध पर होने वाली नियुक्तियां बंद करने का ऐलान किया है।
घोषणा-पत्र में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा संचालित करने, शिक्षा मित्रों के मानदेय में पांच हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी और 12 वीं पास विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप वितरण योजना फिर शुरू करने का वादा भी किया गया है।
शिक्षा पर खर्च होगा जीएसडीपी का छह प्रतिशत
सपा ने प्रदेश के लिए अलग राज्य शिक्षा नीति लाने की बात कही है। इसके तहत सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाईफाई की सुविधा देने तथा शिक्षा पर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का छह प्रतिशत खर्च सुनिश्चित करने का वादा किया गया है। बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास भी बनाए जाएंगे।
घोषणा-पत्र के मुताबिक, शिक्षा मित्रों को नियमित करने के लिए विधिक सलाह के अनुसार विशेष अभियान चलाया जाएगा। नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक उनके मानदेय में पांच हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की जाएगी। वहीं, बिना सहायता प्राप्त (अनएडेड) स्कूलों को सरकार की ओर से पांच हजार रुपये का विशेष मासिक अनुदान देने की बात कही गई है।
सपा ने उच्च शिक्षा संस्थानों के पाठ्यक्रमों को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप बनाने का वादा किया है, ताकि पढ़ाई पूरी करने के बाद युवाओं को रोजगार मिलने में आसानी हो और शिक्षा तथा रोजगार के बीच का अंतर कम किया जा सके।
जिला अस्पतालों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने का वादा
स्वास्थ्य क्षेत्र में सपा ने राज्य स्वास्थ्य नीति-2027 लागू करने का एलान किया है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में पीडीए और गरीब परिवारों के नागरिकों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। सभी जिला अस्पतालों का उच्चीकरण कर उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें आईसीयू और वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी मजबूत किया जाएगा।
घोषणा-पत्र में प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का वादा किया गया है। 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को उन्नत लाइफ सपोर्ट सिस्टम के साथ दोबारा मजबूत करने की बात भी कही गई है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। लखनऊ में समाजवादी सरकार के दौरान बने अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी कैंसर अस्पताल को उत्तर भारत के प्रमुख कैंसर अस्पताल के रूप में विकसित करने और वहां मुफ्त इलाज की सुविधा देने का वादा किया गया है। सपा ने प्रदेश के नागरिकों को कैंसर के इलाज के लिए दिल्ली और मुंबई जाने की जरूरत न पड़ने देने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा स्टेट न्यूट्रिशन मिशन को मजबूत कर कुपोषण की समस्या खत्म करने, डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ के खाली पद तत्काल भरने तथा जन स्वास्थ्य प्रबंधन कैडर बनाने की बात कही गई है।
बड़े शहरों में 24 घंटे पानी, ड्रेनेज प्लान और नई टाउनशिप
शहरी विकास के लिए सपा ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले प्रमुख शहरों में 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने का वादा किया है। सभी शहरों में जलभराव, बाढ़ और जल निकासी की समस्या से निपटने के लिए ड्रेनेज प्लान तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। शहरों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और नई ग्रीनफील्ड आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की भी घोषणा की गई है। घोषणा-पत्र में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए विशेष योजना लागू करने और प्रमुख शहरों को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए आधुनिक ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली विकसित करने का वादा है। इसके साथ ही शहरों में नजूल भूमि को फ्रीहोल्ड करने की योजना दोबारा लागू करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रिवरफ्रंट विकसित करने की बात कही गई है।
अखिलेश का ऐलान: शिक्षा मित्रों के मानदेय में पांच हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी के साथ नियमित करने के लिए बिशेष अभियान

