लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह ने कहा कि देश की जनता जुमला पार्टी को हटाने का मन बना चुकी है। भाजपा व उनके सभी दल घोसी में लगे थे लेकिन सपा को जीत मिली। यह अच्छा संदेश है। 2024 में भाजपा का जाना तय है। ‘इंडिया’ अडानी वालों को बुरी तरह से हराएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ अडानी के लिए काम कर रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि अब इंडिया का नाम बदलने की बात कही जा रही है। यह घबराहट है। देश के साथ धोखा है। क्या देश का नाम बदलेंगे? मोदी घबराए हुए हैं। नोट पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया लिखा है । क्या उसे भी बदलेंगे। आखिर क्या क्या बदलेंगे। वन नेशन वन इलेक्शन भी मोदी सरकार की घबराहट है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर को पिछड़ों का नेता माना जा रहा था लेकिन उन्होंने अपनी हरकतों की वजह से सम्मान खो दिया है। ओम प्रकाश राजभर को नए सिरे से विचार करना चाहिए।
