नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) भाजपा ने दिल्ली के नए सीएम का नाम तय कर लिया है। शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की सीएम होंगी। रेखा गुप्ता 20 फरवरी को रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ लेगी।
बता दें भाजपा विधायक दल की बैठक में आज शाम 7 बजे इसका औपचारिक ऐलान होगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव के 11 दिनों बाद बीजेपी ने सीएम के नाम का ऐलान कर दिया है। शालीमार बाग से बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली सीएम होंगी। बीजेपी विधायक दल ने रेखा गुप्ता को नेता चुन लिया है। रेखा गुप्ता 20 फरवरी को दोपहर 12.35 बजे रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ लेगी वो दिल्ली की चौथी महिला सीएम होंगी। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी सीएम रह चुकी हैं। 20 फरवरी को होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम में डिप्टी सीएम और बाकी मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। कार्यक्रम में 30000 मेहमानों के आने की संभावना है।
बता दें कि सीएम पद की दौड़ में परवेश वर्मा और वीरेंद्र सचदेवा का नाम भी शामिल था लेकिन अब रेखा गुप्ता का नाम सीएम के लिए तय कर लिया गया है। रेखा गुप्ता इस वक्त दिल्ली बीजेपी की महासचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता का जन्म जींद जिले के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। उनकी पूरी पढ़ाई दिल्ली में हुई। इसी दौरान वो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ीं और राजनीति में सक्रिय हुई। रेखा गुप्ता दिल्ली यूनिवर्सिटी की सचिव और प्रधान भी रह चुकी हैं। हालांकि, अब उनके परिवार के लोग जुलाना की अनाज मंडी में आढ़त का काम करते हैं। रेखा गुप्ता महिला होने के साथ-साथ बनिया भी हैं और इसलिए बीजेपी ने रेखा गुप्ता पर दांव खेलने का काम किया है। दिलचस्प बात ये है कि रेखा गुप्ता बीजेपी की इकलौती महिला सीएम होंगी हालांकि इससे पहले वसुंधरा राजे राजस्थान की सीएम रह चुकी हैं लेकिन इस वक्त वो सीएम नहीं है इसलिए सभी बीजेपी-एनडीए शासित राज्यों में रेखा गुप्ता इकलौती सीएम होंगी।
