दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का ऐलान : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गरीब महिलाओं के खाते में आएंगे 2500 रुपये

नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) दिल्ली में रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। इसी के बाद रेखा गुप्ता ने पार्टी के पहले वादे को पूरा करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करना राजधानी के सभी 48 विधायकों की जिम्मेदारी है। हम निश्चित रूप से गरीब महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता सहित अपने सभी वादे पूरे करेंगे। 8 मार्च तक 100 प्रतिशत महिलाओं को उनके खातों में वित्तीय सहायता मिल जाएगी।
8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाएगा, लेकिन इस बार का महिला दिवस दिल्ली की महिलाओं के लिए खास होगा। उनके खाते में 2500 रुपये डाले जाएंगे। बीजेपी ने जहां एक तरफ चुनाव जीतने के बाद इस बात का ऐलान कर दिया है कि रेखा गुप्ता दिल्ली की सीएम होंगी, वहीं दूसरी तरफ रेखा गुप्ता ने इस बात की घोषणा भी कर दी है कि महिलाओं से किया गया सहायता राशि का वादा सबसे पहले पूरा किया जाएगा और 8 मार्च को महिलाओं के अकाउंट में 2500 रुपये डाले जाएंगे।
दिल्ली में पूरे 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई है। साथ ही पार्टी ने राजधानी की कमान महिला मुख्यमंत्री के हाथ में दी है। इस बार के दिल्ली विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियों ने साइलेंट वोटर यानी महिला वोटर पर खास फोकस किया था। सभी पार्टियों ने महिलाओं को सहायता राशि देने का भी वादा किया था। जहां आम आदमी पार्टी ने 2100 तो बीजेपी ने 2500 रुपये देने का वादा किया था, हालांकि, अब बीजेपी ने जीत के बाद इस वादे को पूरा करने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला सीएम बन गई हैं। उन से पहले बीजेपी ने सुषमा स्वराज, कांग्रेस ने शीला दीक्षित और आम आदमी पार्टी ने आतिशी के हाथ में सीएम पद की कमान सौंपी थी। रेखा गुप्ता ने महिला समृद्धि योजना को लेकर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करना राजधानी के सभी 48 विधायकों की जिम्मेदारी है। हम निश्चित रूप से महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता सहित अपने सभी वादे पूरे करेंगे। 8 मार्च तक 100 प्रतिशत महिलाओं को उनके खातों में वित्तीय सहायता मिल जाएगी।
किन महिलाओं को मिलेगी सहायता
भारतीय जनता पार्टी ने महिला समृद्धि योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को पूरे 2500 रुपये देने का वादा किया है। महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, हालांकि, यह जान लेना जरूरी है कि यह स्कीम दिल्ली की सभी महिलाओं के लिए नहीं है, बल्कि सिर्फ गरीब महिलाओं को यह तोहफा दिया जाएगा। पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में ऐलान किया था कि राजधानी में सरकार बनने के बाद गरीब महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये दिए जाएंगे, गर्भवती महिलाओं को रु 21,000 की एकमुश्त सहायता दी जाएगी और गरीबों के लिए रु 500 पर एलपीजी सिलेंडर और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रु 2,500 पेंशन देने की गारंटी दी गई थी।
महिला दिवस बनेगा खास
जहां रेखा गुप्ता ने सीएम पद के लिए नाम का ऐलान होने के बाद इस बात का ऐलान किया है कि 8 मार्च यानी महिला दिवस पर महिलाओं को यह सम्मान सहायता दी जाएगी। वहीं, यह जान लेना भी जरूरी है कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तारीख की घोषणा पहले ही कर चुके थे। पीएम मोदी ने दिल्ली चुनाव की आखिरी चुनावी सभा में कहा था कि, हम ने संकल्प लिया है कि हम अपनी बहनों को 2500 रुपये देंगे। यह मोदी की गारंटी है और यह गारंटी पूरी की जाएगी। आप देखना कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं के खाते में पैसे आने शुरू हो जाएंगे।
महिलाओं पर खास फोकस
एक समय था जब महिलाएं राजनीति और सियासी बातों से दूरी बनाती थी। माना जाता था कि महिलाओं को सियासत की दुनिया की उतनी समझ नहीं है, लेकिन अब पैटर्न बदल गया है। महिलाओं का वोट प्रतिशत बढ़ा है और कई बार पुरुषों से ज्यादा भी दर्ज किया गया है। महिलाएं साइलेंट वोटर से डिसाइडिंग वोटर बन गई हैं। अब वो अपनी सरकार चुनने में अहम रोल निभाती हैं। यही एक खास वजह है कि दिल्ली के सभी दलों ने महिलाओं पर खासा फोकस किया और दिल्ली के चुनाव में महिलाओं का जिक्र, उनके लिए सहायता राशि का ऐलान बार-बार सुनाई दिया। जहां बीजेपी 2500 रुपये की सहायता राशि का प्रचार करती रही, वहीं आम आदमी पार्टी 2100 रुपये देने का वादा करती रही, लेकिन अब चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने का वक्त आ गया है।

Check Also

पहलगाम को लेकर आतंकियों के पास सरकारी एजेंसियों से ज्यादा जानकारी थी : राशिद अल्वी

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *