कन्नौज: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत राशन कार्डधारकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने पर जोर

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के उद्देश्य से आज राजकीय मेडिकल कॉलेज, कन्नौज के ऑडिटोरियम में जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) की कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में खाद्य एवं रसद विभाग के अंतर्गत संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर पंजीकृत राशन कार्डों में दर्ज 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करने पर विशेष बल दिया गया, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है। कोटेदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के राशन कार्डधारकों का विवरण प्राप्त कर मतदाता सूची से मिलान करें तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं, विशेषकर युवा एवं महिला लाभार्थियों की पहचान करते हुए उनका फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर अविनाश कुमार ने कोटेदारों को अभियान की महत्ता से अवगत कराते हुए कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं सक्रियता के साथ कार्य करें। सभी कोटेदार अपने क्षेत्र में राशन कार्डों में दर्ज 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लाभार्थियों का निर्वाचक नामावली से मिलान कराएं तथा जिन पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनसे फार्म-6 भरवाकर पंजीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होंने विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं को जागरूक करने तथा उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

कार्यशाला में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनपद के समस्त उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।