लखनऊ।।(आवाज न्यूज ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वर्ष 2029 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को एक हजार अरब डॉलर किये जाने के सरकार के दावे पर शनिवार को तंज कसते हुए कहा कि जो अपने काम में असफल होते हैं, वो लक्षय़ की ‘समय-सीमा’ बदलते हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, जो अपने काम में असफल होते हैं, वो लक्ष्य की ‘समय-सीमा’ बदलते हैं, देश-प्रदेश का भविष्य नहीं।
उन्होंने राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 2021 में भाजपाइयों ने कहा था कि 2024 तक उप्र की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर (एक हजार अरब डॉलर) की हो जाएगी और अब 2025 में कह रहे हैं, 2029 में उप्र की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी। यादव ने कहा, जनता को न इनके बीते कल के वादे पर विश्वास था, न आने वाले कल के दावे पर भरोसा है। झूठ भाजपा का पर्याय बन गया है। जनमानस कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!
