शमशाबाद के पंजाब नेशनल बैंक चैराहे पर लगा भीषण जाम: आधे घंटे तक थमी रही वाहनों की रफ्तार

महेश वर्मा
शमशाबाद,फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  नगर के प्रमुख पंजाब नेशनल बैंक चैराहे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। चैराहे पर अचानक लगे भीषण जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे करीब आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर के थाना चैराहा और पंजाब नेशनल बैंक चैराहे पर यातायात को सुचारू रखने के लिए होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है। हालांकि, जाम की विकराल स्थिति के सामने तैनात होमगार्ड के जवान भी यातायात खुलवाने में पूरी तरह असमर्थ साबित हो रहे हैं। इस रोज-रोज के जाम का मुख्य कारण सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले ई-रिक्शा और टेंपो हैं। इसके साथ ही, सड़क के दोनों किनारों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण ने रास्ते को बेहद संकरा कर दिया है, जिससे बड़े वाहनों के निकलते ही जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। भीषण जाम का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों और पैदल चलने वाले राहगीरों पर पड़ रहा है, जिन्हें वाहनों के बीच से जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता है। दूसरी ओर, लंबे समय तक दुकानों के सामने जाम लगे रहने के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटवाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।