नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मुंबई के धारावी पहुंचे। यहां राहुल ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। साथ ही वो चमड़ा उद्योग में जुड़े कामगारों से भी मिले। इसके साथ ही राहुल गांधी मुंबई के बाद दो दिन के गुजरात दौरे पर भी जाने वाले हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुंबई में धारावी का दौरा किया। इस दौरान राहुल ने स्थानीय लोगों के मुलाकात करने के साथ साथ चमड़ा व्यापार से जुड़े श्रमिकों से भी बातचीत की। बता दें कि विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने धारावी का मुद्दा उठाया था। कांग्रेस धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट को एशिया का सबसे बड़ा घोटाला बताती रही है। इसके साथ ही राहुल ने इस दौरे में चमड़ा व्यापार के मजदूरों को पेश आने वाली चुनौतियों को भी समझा। राहुल गांधी ने जिन जगहों का दौरा किया उनमें ‘चमार स्टूडियो’ फैशन ब्रांड भी शामिल है, जिसे सुधीर राजभर ने स्थापित किया है। धारावी दुनिया के सबसे बड़े चमड़ा व्यापार केंद्रों में से एक है, जिसमें 20,000 से अधिक चमड़ा विनिर्माण इकाइयां हैं, जिनमें एक लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं। राहुल के धारावी प्लान से बीजेपी पहले से ही परेशान दिखाई दे रही हैं। विधानसभा चुनाव में भी इसका असर दिखाई दिया था और अब जल्दी ही महाराष्ट्र में निकाय चुनाव होने हैं। बीजेपी की नजर बीएमसी पर हैं। ऐसे में धारावी का मामला गरमाता है तो बीएमसी चुनाव में बीजेपी के सामने मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। बता दें कि राहुल गांधी रात को मुंबई में रुकेंगे और सुबह मुंबई से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे। दरअसल अगले महीने गुजरात में कांग्रेस का अधिवेशन होना है। इसी सिलसिले में राहुल कल यानी 7 मार्च से दो दिन के गुजरात दौरे पर रहने वाले हैं। यहां राहुल गांधी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। वहीं विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाएंगे।
