बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) दक्षिणाचल विद्युत वितरण निगम कर प्रवंध निदेशक नीतीश कुमार ने जन प्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। इस दौरान बिजली की खराब व्यवस्था पर जन प्रतिनिधियों ने शिकायत की। विभागीय जेई के फोन न उठाने पर नाराजगी जताई गई। विजिलेंस टीम पर भाजपा व सपा के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाये।
सोमवार को विकास भवन में दक्षिणांचल के एमडी नितीश कुमार ने विभागीय अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। योजनाओं के बारे में जानकारी ली गई। कई उप केंद्रों के निर्माण में लापरवाही पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को समय से काम पूरा करने को कहा गया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां ने जहां गुरसहायगंज कस्बे में जर्जर बिजली की लाइनों की शिकायत की वहीं छिबरामऊ विधायक अर्चना पाण्डेय व तिर्वा विधायक कैलाश सिंह राजपूत ने अपने-अपने विधान सभा क्षेत्रों में खराब बिजली व्यवस्था पर विभाग के अधिकारियों की शिकायत की। छिबरामऊ विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने आरोप लगाया कि विजिलेंस टीम मनमाने तरह से छापा मारकर उन लोगों पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करा रही है जिनके यहां मीटर ही नहीं लगे हैं। विजिलेंस टीम के साथ चलने वाले जेई का हर दूसरे माह में स्थानांतरण कर दिया जाये इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। सबसे अधिक शिकायतें तालग्राम के जेई की हुई। कहा गया कि फोन नहीं उठाते। इस पर एमडी ने कहा कि अब विभागीय उच्च अधिकारी जेई से लेकर एसडीओ व एक्सईएन के फोन समय-समय पर चेक करेंगे। इस के बाद पूछा कि जिले की बिजली व्यवस्था को बेहतर करने के लिये क्या किया जा सकता है। इस पर बताया गया कि सबसे अधिक लोड तिर्वा उपकेंद्र पर रहता है। यहां पर जब तक दूसरा उपकेंद्र निर्माण नहीं हो जाता तब तक समस्या को समाधान संभव नहीं है। इस के बाद एमडी ने अधिकारियों की अलग से बैठक ली। बाद में बहादुरपुर स्थिति वर्कशाप का निरीक्षण किया।

