बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले की एसओजी टीम को एडीजी जोन ने 1 लाख का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। ये पुरस्कार टीम को इनामी डकैत की गिरफ्तारी करने के लिए दिया गया, जोकि मध्यप्रदेश का रहने वाला शातिर बदमाश है। ऐसे तीन बदमाशों पर एक-एक लाख का ईनाम घोषित किया गया था। जिसमें से एक इनामी डकैत को कन्नौज की एसओजी टीम ने पकड़ लिया था।
मामला सदर कोतवाली की मकरन्द नगर चौकी क्षेत्र के काली दुर्गा मंदिर के पास का था। जहां के रहने वाले इत्र कारोबारी बिम्मू तिवारी के घर 29 जून 2023 की रात 12 से अधिक बदमाशों ने डकैती डाली थी। परिजनों को बंधक बनाकर लाइसेंसी रिवॉल्वर भी लूट ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने अधिकांश बदमाशों को अरेस्ट कर लिया था, लेकिन गैंग के शातिर बदमाश कैलाश पारदी, बलाडा पारदी और नासिर पारदी जोकि मध्यप्रदेश के गुना जिले के पिपरई के निवासी थे। उन तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पा रहे थे।
इन तीनों बदमाशों को पकड़ने के लिए एक-एक लाख रुपए का इनाम एडीजी जोन आलोक सिंह द्वारा घोषित किया गया था। ऐसे में 23 मार्च 2025 को बदमाश बलाडा पारदी को कन्नौज की एसओजी टीम ने प्रभारी कमल भाटी के नेतृत्व में महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के थाना दौलताबाद क्षेत्र के मिटमिटा गांव से अरेस्ट कर लिया था।
बदमाश की सही लोकेशन पता कर उसे अरेस्ट करने के मामले में एडीजी कानपुर जोन आलोक सिंह ने कन्नौज की एसओजी टीम को 1 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। जिसमें से टीम प्रभारी कमल भाटी को 25 हजार, मुख्य आरक्षी मनोज सिंह, सुधीर कुमार, दुष्यंत यादव, तेज प्रताप सिंह और रविन्द्र कुमार को 11-11 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि आरक्षी मनीष कुमार सिंह और विकास अग्रहारी को 10-10 हजार का पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार की घोषणा की जानकारी होने पर टीम के सदस्यों ने खुशी का इजहार किया है।

