बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। महादेवी घाट और जलेसर घाट पर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। बुधवार की मध्य रात्रि से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। सीतापुर, लखीमपुर, हरदोई, इटावा, जालौन, हमीरपुर और महोबा समेत विभिन्न जिलों से श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने स्नान के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। घाट पर हवन पूजन और भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिस कर्मी तैनात किए गए। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण गंगा का जल स्तर बढ़ा हुआ था। गहरे पानी वाले स्थानों पर खतरे का निशान लगाकर बैरिकेडिंग की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस की भी तैनाती की गई।
कई श्रद्धालुओं ने बताया कि यहां की गंगा बहुत पवित्र और शुद्ध है। मान्यता है कि यहां स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए हरदोई-कन्नौज मार्ग पर डायवर्जन लगाया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आषाढ पूर्णिमा/गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गंगाा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होने यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी व ड्रॉन कैमरों से निगरानी, बैरिकेटिंग,फ्लड टीम व गोताखोरों को अलर्ट मोड़ पर रहने के लिए सम्बंधित अधिकाारियों को निर्देश दिये। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में लगे समस्त पुलिस बल को सतर्क
दृष्टि बनाये रखने के लिए निर्देश दिये।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आशीष कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उपजिलाधिकारी सदर नवनीता राय, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

