लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन को लेकर शुक्रवार से तैयारी शुरू हो रही है। इसके तहत 22 जुलाई तक ग्राम पंचायतों की जनसंख्या का आकलन किया जाएगा। छह से दस अगस्त के बीच अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। इस दौरान की जाने वाली प्रक्रिया की विभाग ने समय सारणी जारी कर दी है।
प्रदेश में अगले साल त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 होना है। इसकी तैयारी को लेकर शासन ने विस्तृत समय-सारणी जारी की है। जिसमें सीमा विस्तार के कारण प्रभावित विकास खंडों में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख सचिव अनिल कुमार की ओर से प्रदेश के सभी डीएम को जारी आदेश में इसकी समय-सारणी निर्धारित करते हुए सभी प्रक्रिया तय समय में पूर्ण करने के कड़े निर्देश भी दिए गए हैं। जिसमें नगर विकास की ओर से नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के गठन एवं सीमा विस्तार के कारण प्रभावित क्षेत्रों के परिसीमन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने के साथ उसकी आख्या समय से उपलब्ध कराने को कहा गया है। डीपीआरओ ने डीएम के माध्यम से शासन के प्राप्त हुए इस आदेश के पालन के संबंध में तैयारी तेज करते हुए कर्मचारियों व अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
तीन ग्राम पंचायतों से जुड़े क्षेत्र पंचायत
डीपीआरओ जितेंद्र कुमार गोंड़ ने बताया कि लखनऊ जिले में वर्ष 2021 में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मलिहाबाद विकास खंड क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतें सरावां, मुजासा व फिरोजपुर नगर निगम सीमा में शामिल हो चुकी है। इसके चलते मलिहाबाद विकास खंड के संबंधित क्षेत्र में पहले क्षेत्र पंचायत के वार्डों का परिसीमन होगा। उसके बाद इस क्षेत्र के जिला पंचायत वार्ड का परिसीमन करना होगा।
पंचायत चुनाव को लेकर यह जारी की गई समय-सारणी
- 18 जुलाई से 22 जुलाई 2025 तक ग्राम पंचायत जनसंख्या का आकलन किया जाएगा।
- 23 जुलाई से 28 जुलाई 2025 तक ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत तथा जिपं के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) की प्रस्तावित सूची तैयारी और उसका प्रकाशन किया जाएगा।
- 29 जुलाई से दो अगस्त 2025 तक प्रस्तावों पर आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
- तीन अगस्त से पांच अगस्त 2025 तक प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
- छह अगस्त से 10 अगस्त 2025 तक निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

