लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अब अग्निपथ योजना के तहत सेना में सेवा देने वाले अग्निवीरों को यूपी पुलिस में 20 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा, “जो युवा सेना में अग्निवीर के रूप में देश की सेवा करेंगे, उन्हें सेवा पूरी होने के बाद यूपी पुलिस में भर्ती के दौरान आरक्षण दिया जाएगा। यह उनका सम्मान है और राज्य सरकार की तरफ से उन्हें एक बेहतर भविष्य का मौका भी है।” इस फैसले के तहत अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित मिलेंगी।
अग्निपथ योजना केंद्र सरकार की एक पहल है, जिसमें युवा चार साल के लिए सेना में भर्ती होते हैं। सेवा के बाद कुछ को सेना में स्थायी नौकरी मिलती है और बाकी को अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने का मौका मिलता है। सीएम योगी की घोषणा के बाद अब यूपी के अग्निवीर युवाओं को रोजगार के अच्छे अवसर मिलेंगे। सेना में सेवा देने वाले युवाओं को सिविल पुलिस में स्थायी करियर बनाने का मौका मिलेगा। इससे अग्निवीरों में उत्साह और प्रेरणा भी बढ़ेगी।
ऑपरेशन विजय से दुश्मन को करारा जवाब दिया : योगी
सीएम योगी ने 26वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “कारगिल युद्ध पाकिस्तान द्वारा थोपा गया था। ऑपरेशन विजय के तहत दुश्मन को करारा जवाब दिया गया। कारगिल एक चुनौतीपूर्ण जगह थी जहाँ दिन में भी तापमान शून्य से 50 डिग्री नीचे रहता था। लेकिन पाकिस्तान के कायर भारतीय सेना के पराक्रम के सामने टिक नहीं पाए। तत्कालीन पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ अमेरिका गए और अमेरिका ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन वाजपेयी जी ने कहा कि चाहे अमेरिका हो या कोई भी विश्व शक्ति, भारत झुकेगा नहीं।

