कन्नौज : सभी तेरह केंद्रों पर आरओ/ एआरओ परीक्षा सकुशल सम्पन्न, डीआईजी, डीएम दिन भर दौड़े

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। डी0आई0जी0 हरीश चन्दर, जिला मजिस्ट्रेट/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से संचालित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 को सुचारु, पारदर्शी एवं नकलविहीन आयोजन हेतु पी0एस0एम0 पीजी कॉलेज कन्नौज, एस0बी0एस0 इंटर कॉलेज कन्नौज, क्रिस्तु ज्योति एकेडमी कन्नौज, जे0पी0 एजुकेशन एकेडमी कन्नौज आदि परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट ने परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया, बायोमैट्रिक उपस्थिति सत्यापन, कंट्रोल रूम एवं निगरानी कैमरों की कार्यशीलता, शुद्ध पेयजल सहित सभी व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से अवलोकन किया।

संबंधित स्टैटिक मजिस्ट्रेट द्वारा अवगत कराया गया कि प्रश्नपत्र तीन स्तरीय लॉकर में सुरक्षित रखा गया था, जिनमें से दो लॉकर चाबी द्वारा एवं एक लॉकर आयोग से प्राप्त बारकोड के माध्यम से खोला गया। पेपर की सील स्थिति को दो परीक्षार्थियों से सत्यापित कराते हुए उनके हस्ताक्षर लिए गए, तत्पश्चात सीसीटीवी निगरानी में प्रश्नपत्र को विधिपूर्वक खोला गया।

जिला मजिस्ट्रेट/जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों में लगाए गए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा उपरांत ओएमआर शीट को शील्ड करते समय समस्त मानक प्रक्रियाओं का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । 

जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से परीक्षा सम्पन्न हुई, जिसमें कुल 5808 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 2509 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 3299 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला मजिस्ट्रेट/जिलाधिकारी ने परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराए जाने में योगदान देने वाले 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 13 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 13 केंद्र व्यवस्थापक सहित समस्त कार्मिकों की सराहना भी की।