कन्नौज : एम्बुलेंस की उपलब्धता पर डीएम के तेवर तीखे

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि यूविन पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशु की फीडिंग शत-प्रतिशत होनी चाहिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के समुचित देखभाल पर बल देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच हो और अल्ट्रासाउंड समय से तथा गुणवत्तापूर्ण ढंग से की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जटिलता को समय रहते पहचाना जा सके। उन्होनें कहा कि पंजीकृत 1625 के सापेक्ष 1595 बच्चों को टीकाकरण का कार्य पूर्ण हो चुका हैं, हेपाटाइटिस बी के छूटे हुये 30 बच्चों का टीकाकरण की कार्यवाही यथाशीघ्र पूर्ण करा लिया जाये। कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत जनपद के 34955 मरीजों का इलाज 41 करोड़ 71 लाख धनराशि से किया गया। गत माह में वरिष्ठ नागरिकों के 2043 आयुष्मान कार्ड बनाये गये हैं। वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के कार्य में गति लायी जायें। 

श्री अग्निहोत्री ने एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता और उनकी त्वरित प्रतिक्रिया को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवाएं 24/7 सक्रिय रहनी चाहिए और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होनें संचालित प्राईवेट अस्पतालों की व्यवस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिये। उन्होनें सौरिख में टी0बी0 रोगियों के चिन्हांकन के कार्य में खराब प्रगति मिलने पर सुधार लाने के निर्देश दिये। कहा कि आभा कार्ड बनाये जाने के कार्य में गति लायी जाये। 

बैठक में, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ स्वदेश गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज सहित संबंधित चिकित्सक उपस्थित रहे।