लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वह अब प्रदेश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री बने रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव, एन.डी. तिवारी, मायावती और अखिलेश यादव जैसे दिग्गज नेताओं को पीछे छोड़ दिया है। योगी आदित्यनाथ 19 मार्च 2017 को पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद साल 2022 में वे दोबारा इस पद पर आए। अब तक उन्होंने 8 साल और 132 दिन मुख्यमंत्री के रूप में पूरे कर लिए हैं।
किसका रिकॉर्ड तोड़ा?
योगी आदित्यनाथ ने गोविंद बल्लभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ा है, जो पहले सबसे ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहे थे। उनका कुल कार्यकाल 8 साल और 127 दिन का था (इसमें आजादी से पहले का समय भी शामिल है)।
22वें मुख्यमंत्री और दो बार लगातार चुने जाने वाले पहले सीएम
योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के 22वें मुख्यमंत्री हैं। वह प्रदेश के पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने पूरा कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा मुख्यमंत्री पद संभाला है। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
2017 में बीजेपी को मिला बहुमत
साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी जीत मिली थी। योगी आदित्यनाथ उस समय पार्टी के सबसे प्रमुख चेहरे बनकर उभरे थे। जनता के समर्थन और पार्टी के फैसले से उन्हें 19 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री बनाया गया।
2022 में दोबारा चुने गए
अपने पहले कार्यकाल में किए गए कार्यों और जनता के भरोसे के कारण, साल 2022 में भी जनता ने उन्हें फिर से चुना, और वह दोबारा मुख्यमंत्री बने।
राजनीति में शुरुआती सफर
सिर्फ 26 साल की उम्र में बने सांसद
-योगी आदित्यनाथ ने 1998 में सिर्फ 26 साल की उम्र में गोरखपुर से लोकसभा चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था। वह उस समय देश के सबसे युवा सांसदों में से एक थे।
लगातार 5 बार जीत दर्ज की
-योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से लगातार 5 बार लोकसभा चुनाव जीते, और लंबे समय तक संसद में सक्रिय भूमिका निभाई।
गोरक्षनाथ मठ के महंत भी हैं योगी आदित्यनाथ
-योगी आदित्यनाथ सिर्फ नेता नहीं, बल्कि एक संत भी हैं। वे गोरखनाथ मंदिर के मठ के महंत हैं। उनके गुरु महंत अवैद्यनाथ के निधन के बाद, साल 2014 में उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली।

