यूपी में चली तबादला एक्सप्रेस : 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला; गोरखपुर-नोएडा समेत 10 जिलों के बदले डीएम

ब्रजेश चतुर्वेदी
लखनऊ।  (आवाज न्यूज ब्यूरो)।
 यूपी की योगी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए एक बार फिर फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव के तहत 10 जिलों में नए जिलाधिकारियों की भी तैनाती की गई है, जबकि कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नियुक्ति विभाग के प्रमुख सचिव एम. देवराज ने इस फेरबदल की सूची को सोमवार देर रात जारी किया।
ब्दले गए 10 जिलों के डीएम
गोरखपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद, बहराइच, नोएडा और गोंडा समेत 10 जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। गोरखपुर के डीएम कृष्णा करुणेश को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। गाजियाबाद के डीएम दीपक मीणा को गोरखपुर का नया डीएम नियुक्त किया गया है। प्रयागराज के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंडर को गाजियाबाद का डीएम बनाया गया है, जबकि गौतमबुद्धनगर के डीएम मनीष कुमार वर्मा अब प्रयागराज की कमान संभालेंगे। कासगंज की जिलाधिकारी मेधा रूपम को गौतमबुद्धनगर का नया डीएम बनाया गया है। अयोध्या मंडलायुक्त गौरव दयाल को गृह विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह राजेश कुमार, जो पहले गृह एवं सतर्कता विभाग के सचिव थे उनको अयोध्या का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा, गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक, निबंधन का कार्यभार सौंपा गया है। वहीं बहराइच की डीएम मोनिका रानी को विशेष सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग और अपर महानिदेशक, स्कूल शिक्षा के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।