कन्नौज : एफएसडीए ने भरे 7 नमूने, सीज किया खुला खाद्य तेल

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में रक्षाबंधन पर्व पर मिठाईयों सहित अन्य मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु आज जनपद के सदर तहसील क्षेत्र में बेहरिन, तिर्वा, कन्नौज स्थित नकली मिठाई निर्माण इकाई पर छापामार करवाई की, जिसमें ईकाई में निर्मित मिल्क केक के 02, बर्फी का 01, डोडा बर्फी का 01 तथा निर्माण हेतु प्रयोग में लाये जा रहे खाद्य पदार्थ रवा का 01, सोयाबीन रिफाइंड तेल का 01 एवं चीनी का 01, कुल 07 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

इसी मौके पर नमूना संग्रह पश्चात एक खुले टीन सहित 07 टीन सोयाबीन रिफाइंड ऑयल, कुल वजन 01 कुंतल 08 किलो, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य रुपए 15120/- मात्र हैं, तथा एक खुली बोरी सहित 11 बोरी रवा, कुल वजन 6 कुंतल 60 किलो जिसका अनुमानित बाजार मूल्य रुपए 18090/- मात्र है, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सीज कर दिया गया। इसके अतिरिक्त लगभग 20 किलो ग्राम दूषित मिठाई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग रुपए 4000/- खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा स्वयं विनिष्ट कराई गई।

इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तिर्वा के उमर्दा क्षेत्र में श्री बालाजी स्वीट्स से छेना मिठाई का 01 नमूना, विनय सिंह चौहान की मिठाई की दुकान से बर्फी का 01 नमूना, श राजेंद्र कुमार की मिठाई की दुकान से मावे का 01 नमूना साथ ही तिर्वा में तिर्वा तिराहे पर पनीर का 01 नमूना संग्रहित किया गया। आज संग्रहित किए गए उपरोक्त सभी 11 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान कार्रवाई से संबंधित सभी बाजारों में खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद पदार्थ में मिलावट के संबंध में स्थलीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए, खाद्य पदार्थों के उपभोग के संबंध में जागरूक किया गया। बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार उमेश प्रताप, सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2, के नेतृत्व जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी  अनिल कुमार राठौर, सर्वेश कुमार, अरविंद कुमार साहू, मंजरी मिश्रा एवं विमलेश कुमार आदि उपस्थित रहे।