कन्नौज : पंचायत निर्वाचक नामावलियों की तैयारी बैठक में एडीएम ने दिए व्यापक निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन, 2026 के दृष्टिगत पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण की तैयारी के संबंध में आज एन0आई0सी0, सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पं0) आशीष कुमार सिंह की अध्यक्षता में समस्त उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार/अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी/समन्वयक अधिकारी का वृहद पुनरीक्षण के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पं0) ने समस्त उप जिलाधिकारियों/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्य हेतु राज्य निर्वाचन आयोग के मानक के अनुसार बी0एल0ओ0/पर्यवेक्षक नियुक्त कर आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए साफ्टवेयर पर बी0एल0ओ0/पर्यवेक्षक का विवरण फीड कर उनकों मतदान केन्द्र आवंटन का कार्य 10 अगस्त तक पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।  बी0एल0ओ0/पर्यवेक्षक को विकास खण्ड स्तर पर प्रशिक्षण की कार्यवाही संबंधित खण्ड विकास अधिकारी/समन्वयक अधिकारी के सहयोग से दिनांक 18 अगस्त तक सुनिश्चित कर लें ताकि दिनांक 19 अगस्त से 29 सितम्बर, 2025 तक बी0एल0ओ0 द्वारा घर-घर सर्वेक्षण कर हस्तलिखित पाण्डुलिपि तैयार की जा सकें। यह भी निर्देशित किया कि घर-घर सर्वेक्षण की मॉनिटरिंग संबंधित उप जिलाधिकारियों/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन की जाएगी। पंचायत निर्वाचक नामावली में एक-एक वोट के महत्व को इंगित करते हुए निर्देशित किया कि निर्वाचक नामावली को प्रत्येक दशा में त्रुटिरहित रखा जाए, जिससे आगामी त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन, 2026 शांतिपूर्वक सम्पन्न हो सके। इस हेतु पर्यवेक्षकों एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/तहसीलदार द्वारा निरन्तर बी0एल0ओ0 के कार्यों का पर्यवेक्षण किया जाए।

इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) विनीत कुमार कटियार, बृजेश कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर व अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे