नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में हुए हालिया चुनावों के नतीजे और वोटिंग प्रक्रिया कई सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी हमने देखा कि सर्वे कुछ और बता रहे थे, लेकिन अचानक अंतिम नतीजे एकदम उल्टी दिशा में निकलते हैं।
महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट को लेकर सवाल
राहुल गांधी ने दावा किया कि महाराष्ट्र में सिर्फ 5 महीनों में 1 करोड़ से ज्यादा नए वोटर जोड़ दिए गए, जिनमें से 40 लाख वोटर रहस्यमयी तरीके से शामिल किए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि ये वोटर कौन हैं? क्या सही मतदाता वोट डाल पाए? और क्या फर्जी वोट डाले गए? उन्होंने कहा, “हमने चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट मांगी, लेकिन उन्होंने देने से इनकार कर दिया। यहां तक कि उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज भी नष्ट कर दी जाएगी।”
सर्वे कुछ और, नतीजे कुछ और क्यों?
राहुल गांधी ने कहा कि हर चुनाव से पहले एग्ज़िट पोल, ओपिनियन पोल और पार्टी के अपने इंटरनल सर्वे एक जैसे नतीजे दिखाते हैं, लेकिन अंतिम चुनाव परिणाम पूरी तरह से उलट आ जाते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी हमने देखा कि सर्वे कुछ और बता रहे थे, लेकिन अचानक अंतिम नतीजे एकदम उल्टी दिशा में निकलते हैं। ये सिर्फ संयोग नहीं हो सकता।”
बीजेपी को सत्ता विरोधी लहर का असर क्यों नहीं होता?
राहुल गांधी ने कहा,”हर लोकतांत्रिक देश में लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली पार्टियों के खिलाफ सत्ता-विरोधी भावना होती है। लेकिन किसी कारण से, बीजेपी पर इसका कोई असर नहीं होता। ऐसा लगता है कि कुछ गड़बड़ जरूर है।”
महाराष्ट्र में चुनाव चोरी हुआ
राहुल ने कहा कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और उसके गठबंधन को ठीक-ठाक वोट मिले, लेकिन लोकसभा चुनाव में वही गठबंधन पूरी तरह साफ हो गया। उन्होंने कहा, “यह बहुत ही संदिग्ध है और हमें यकीन है कि महाराष्ट्र में चुनाव चुराया गया है।”
राहुल गांधी की मांग
उन्होंने साफ कहा कि चुनाव आयोग को वोटर लिस्ट सार्वजनिक करनी चाहिए और जवाब देना चाहिए कि इतने वोटर अचानक कहां से आए? क्या सही लोगों को वोट डालने दिया गया? क्या फर्जी वोटर शामिल थे? राहुल ने दावा किया कि चुनाव आयोग, बीजेपी के साथ मिलकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है, और जनता को यह जानने का हक है कि चुनाव निष्पक्ष हुए या नहीं।
‘सर्वे कुछ और, नतीजे कुछ और क्यों’? : राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर उठाए गम्भीर सवाल

