बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं — सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाईजेशन, इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत कृषि यंत्रों की ई-लाटरी प्रक्रिया सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं के लाभ पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से पात्र कृषकों को दिए जाने हेतु ई-लाटरी प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी चयनित लाभार्थियों को बधाई देते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित समयावधि में मापदण्डों के अनुरूप यंत्रों का क्रय कर आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। समय पर कार्यवाही न होने की स्थिति में चयन निरस्त कर प्रतीक्षारत कृषकों को लाभान्वित किया जाएगा।
ई-लाटरी प्रक्रिया के दौरान जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की उपस्थिति में विकासखण्डवार अधिक बुकिंग वाले यंत्रों का निष्पक्ष चयन किया गया। इस प्रक्रिया में कम्बाइन हार्वेस्टर विद सुपर एसएमएस, लेजर लेवलर, पोटैटो डिगर, पोटैटो प्लान्टर, मल्टीक्राप थ्रेसर, रोटावेटर, हैरो आदि यंत्रों के लिए चयन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक द्वारा चयनित कृषकों को शर्तों एवं समय सीमा की जानकारी दी गई एवं यंत्र क्रय प्रक्रिया को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय से पूर्ण करने की अपील की गई।
इस अवसर पर समिति के सदस्य सचिव श्री संतोष कुमार (उप कृषि निदेशक), सह-सदस्य सचिव सी०पी० अवस्थी (जिला उद्यान अधिकारी), अमरेन्द्र कुमार (एलडीएम बैंक ऑफ इंडिया), डॉ० सुशील कुमार (कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र), हिमांशु शेखर (डीआईओ), आर०के० वर्मा (भूमि संरक्षण अधिकारी), संतलाल गुप्ता (जिला कृषि अधिकारी) एवं नामित प्रगतिशील कृषकगण उपस्थित रहे। लगभग 40 कृषकों ने इस प्रक्रिया में सहभागिता की।

