दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब के चुनाव में अमित शाह को बडा झटका : शाह के खास संजीव बालियान हारे चुनाव

‘‘राजीव प्रताप रूडी की बम्पर जीत‘‘
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।
लुटियंस दिल्ली के पॉवर सर्कल में माने जाने वाले कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव (प्रशासन) पद के चुनाव में रविवार को बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने एक बार फिर जीत दर्ज की। 25 साल से इस पद पर काबिज रूडी को इस बार पार्टी के ही पूर्व सांसद संजीव बालियान ने कड़ी चुनौती दी, लेकिन 26 राउंड की लंबी मतगणना के बाद रूडी ने बढ़त बनाए रखते हुए जीत हासिल की। इस चुनाव में 1200 से ज्यादा सांसद और पूर्व सांसद मतदाता थे, जिनमें देश की शीर्ष राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं।
26 राउंड की कांटे की गिनती, आखिरी में साफ हुआ नतीजा
कुल 707 वोट पड़े- 669 वोटिंग के माध्यम से और 38 पोस्टल बैलेट से। 26 राउंड की गिनती के बाद रूडी 354 वोटों के साथ विजयी हुए, जबकि बालियान को 290 वोट मिले। आखिरी राउंड पोस्टल बैलेट का था, जिसने तस्वीर साफ कर दी।
20 साल बाद हुआ सचिव पद का चुनाव
सचिव (प्रशासन) पद के लिए पिछली बार 2004 में मतदान हुआ था। इसके बाद चार बार रूडी निर्विरोध चुने गए। इस बार बालियान के मैदान में उतरने से मुकाबला बेहद हाई-प्रोफाइल हो गया। दोनों नेताओं ने जमकर प्रचार किया और सांसदों ने कई जगह पार्टी लाइन से हटकर वोट डाले।
कांस्टीट्यूशन क्लब का गौरवशाली इतिहास
क्लब की स्थापना फरवरी 1947 में संविधान सभा के सदस्यों के आपसी मेल-जोल और संसदीय जीवन के लिए की गई थी। आजादी के बाद इसे सांसदों का आधिकारिक क्लब माना गया। इसका औपचारिक उद्घाटन 1965 में राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने किया।
यह क्लब देश की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का अहम केंद्र है- यहां सभाएं, प्रेस वार्ताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी और खेल गतिविधियां आयोजित होती हैं।इस क्लब की सदस्यता केवल वर्तमान और पूर्व सांसदों को मिलती है।
‘‘संजीव बालियान के चुनाव हारने पर शाह समर्थकों में बेचैनी‘‘
शाह चाहते थे कि संजीव बालियान ये चुनाव जीतें लेकिन विपक्ष एकजुट हुआ और राजीव प्रताप रूडी का समर्थन कर दिया। वोट करने वालों में एक तरफ शाह और नड्डा जैसे सांसद थे तो दूसरी तरफ सोनिया गांधी और खड़गे समेत सैकड़ों सांसद वोट करने पहुंचे। दरअसल रूडी को इसलिसे समर्थन मिला क्योंकि वो मोदी-शाह की गुड बुक्स में नहीं है। सोनिया गांधी जब वोट करने पहुंची तो संदेश साफ था कि विपक्ष रूडी को वोट करेगा। सच्चाई ये है कि शाह के इशारे के बावजूद बहुत से बीजेपी सांसदो ने बालियान की जगह रूडी को वोट दिया। सत्ता के निर्देश को नज़रन्दाज़ करने की यह घटना अप्रत्यक्ष रूप से सदन के फ्लोर के बाहर क्रास वोटिंग जैसी ही थी हालांकि इसके लिए कोई व्हिप जारी नही हुआ था। ये चुनाव सीमित वोटरों का था पर इसके परिणाम बहुत बड़ा संकेत दे रहे हैं।