फर्रुखाबाद। आज समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री चन्द्रपाल सिंह यादव ने महासचिव इलियास मंसूरी, स.प्रवक्ता/सचिव राधेश्याम सविता, कोषाध्यक्ष रामू गुप्ता, रामपाल सिंह सचिव, अखिल कठेरिया सदस्य छात्रसभा राष्ट्रीय कार्यकारिणी, शीलू खाँ के साथ स्टीमर से बाढ़-ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। इस दौरान बाढ़ का प्रकोप झेल रहे बाढ़-पीड़ित ग्रामीणों से भी वार्ता की और उनकी परेशानियों को सुना तथा पार्टी की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान वार्ता के क्रम में जिलाध्यक्ष श्री चन्द्रपाल सिंह यादव ने बताया कि गंगा नदी के किनारे का जिला होने के कारण यहाँ गंगा के किनारे बसे हुए गाँव हर वर्ष बाढ़ के प्रकोप का शिकार होते हैं। ऐसे में उनका जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। बाढ़-ग्रस्त इलाकों में बीमारियों का भयंकर प्रकोप फैलता और उन बे-घर/बे-सहारा लोगों के पास इलाज कराने के पैसे तक नहीं होते हैं। हालात बहुत ही संवेदनशील हैं, इसलिए हमारी पार्टी जिला प्रशासन से मांग करती है कि-
1- बाढ़ से हो रहे कटान को रोकने के हर संभव प्रयास किए जाएँ।
2- बाढ़ में अपना घर गंवाने बाले लोगों की सूची तैयार की जाए, और उन सभी बे-घर हुए परिवारों को प्राथमिकता के साथ आवास देना सुनिश्चित किया जाए।
3- बाढ़-ग्रस्त गाँवों में “खाद्य सुरक्षा अधिनियम” के अन्तर्गत कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए प्रशासन ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे।
4- जो परिवार बाढ़ के प्रकोप से अपना घर/गाँव छोड़कर सड़कों पर डेरा डाले हैं, उनके लिए प्रशासन राहत कैम्पों में रहने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करे।
5- बाढ़-ग्रस्त इलाकों में बीमारियों का भयंकर प्रकोप फैलता है इसलिए जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा नियमित कैम्प लगाकर सभी पीड़ितों का इलाज/जांच एंव दवाओं का निःशुल्क वितरण कराना सुनिश्चित कराया जाए।
6- बाढ़-ग्रस्त इलाकों के स्कूल जुलाई और अगस्त के माह में लगभग बंद ही रहे हैं, “शिक्षा के अधिकार” के तहत उन मजबूर बच्चों की पढ़ाई चौपट न हो इसकी भी वैकल्पिक व्यवस्था जिला प्रशासन सुनिश्चित करे।
7- कटान से चौपट हुई फसलों के नुकसान का शीघ्र भौतिक सत्यापन करवाकर, बाढ़ राहत राशि का भी शीघ्र वितरण कराया जाए।
जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेता-गणों से भी अपील करते हुए कहा है कि सभी सामर्थ्यवान पदाधिकारी/नेता-गण भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार बाढ़-ग्रस्त इलाकों में राहत-सामग्री पहुंचाने का कार्य करें।
बाढ़ के बढ़ते प्रकोप से जन-जीवन त्रस्त, जनता बेहाल : सपा जिलाध्यक्ष

