लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कौशांबी के चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल को पार्टी से बाहर कर दिया है। इस बारे में अखिलेश यादव ने एक पत्र जारी कर जानकारी दी। अखिलेश यादव के पत्र में लिखा गया कि पूजा पाल ने पार्टी विरोधी गतिविधियां कीं। उन्हें पहले भी इस बारे में चेतावनी दी गई थी। चेतावनी के बाद भी उन्होंने ये गतिविधियां बंद नहीं कीं, जिससे पार्टी को नुकसान हुआ। उनका व्यवहार गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।
तुरंत प्रभाव से हटाया गया
पत्र में कहा गया कि पूजा पाल को समाजवादी पार्टी से तुरंत प्रभाव से निष्कासित किया जाता है। उन्हें पार्टी के सभी पदों से भी हटा दिया गया है। अब वह पार्टी के किसी भी कार्यक्रम या बैठक में हिस्सा नहीं लेंगी। उन्हें ऐसे किसी भी आयोजन के लिए निमंत्रण भी नहीं भेजा जाएगा।
विधानसभा में योगी सरकार की तारीफ बनी वजह
मामला तब शुरू हुआ जब यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर दी। उन्होंने कहा कि सीएम योगी ने उनके पति की हत्या के मामले में न्याय दिलाया। माफिया जैसे अपराधियों को सजा दिलाने के लिए उन्होंने सीएम को धन्यवाद दिया। उन्होंने सरकार की कानून व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस नीति की सराहना की। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में मुझ जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया और अपराधियों को दंड दिया। मुख्यमंत्री ने जीरो टॉलरेंस जैसी नीतियां लाकर अतीक अहमद जैसे अपराधियों मिट्टी मिलाया है। आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर विश्वास से देखता है।
मंत्री का जवाब
पूजा पाल की तारीफ पर मंत्री संजय निषाद ने कहा, “जो दिल में होता है, वह बाहर आ ही जाता है।” उन्होंने पूजा पाल को इसके लिए धन्यवाद भी दिया।
एक महीने में चौथी विधायक बर्खास्त
पिछले एक महीने में सपा ने कुल चार विधायकों को पार्टी से निकाला है। पूजा पाल से पहले मनोज पांडेय, अभय सिंह और राकेश प्रताप सिंह को बर्खास्त किया गया था।
विधायक पूजा पाल समाजवादी पार्टी से बर्खास्त

