कन्नौज : एसपी का कड़ा एक्शन : सीओ और दो इंस्पेक्टर हटाये

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। तिर्वा में उपद्रव के बाद जिले के एसपी एक्शन मूड में हैं। पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने सख्त कार्यवाही करते हुए कई पुलिसकर्मियों को इधर से उधर कर दिया हैं। मामले को लेकर एसपी का हंटर चला है, कई पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया तो कईयों को इधर से उधर कर दिया गया हैं। मामले को लेकर पुलिस पर आरोप है कि पुलिस स्थिति को भांप नहीं पाई और बिना तैयारी के मौके पर चली गई।

इन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

तिर्वा की क्षेत्राधिकारी डा. प्रियंका बाजपेई को सीओ लाइंस बनाकर मुख्यालय सम्बद्ध किया गया है वे सीओ ट्रैफिक का कामकाज भी देखेंगी। तिर्वा के नये क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह होंगे। कुलवीर अपनी परिवीक्षा के दौरान ही कुम्भ मेला में सफलता पूर्वक डयूटी करके वापस आये थे और सीओ ट्रैफिक/ लाइंस का कामकाज देख रहे थे। एसपी ने तिर्वा कोतवाल वीरेंद्र विक्रम सिंह और सौरिख थाना प्रभारी दिनेश कुमार को भी हटा दिया है। तिर्वा कोतवाली का पदभार वही के अतिरिक्त निरीक्षक संजय शुक्ला और सौरिख का प्रभार साइबर थाना के प्रभारी रहे जयंती प्रसाद गंगवार को दिया गया है।

दो दिन पहले तिर्वा नगर में बिजली उपकेंद्र के सामने निजी बिजली कर्मी की मौत के बाद उपद्रव जैसे हालात पैदा हो गए थे। आक्रोशित लोगों की पुलिस से तीखी झड़प देखने को मिली थी जिसमे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में शुरू में ही एसपी ने कठोर कार्यवाही के संकेत दे दिए थे। जांच के बाद उपद्रव के मामले में पुलिस ने 10 नामजद सहित 25 अन्य अज्ञात पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया हैं। इनमे से एक सपा नेता व चार अन्य को कल ही गिरफ्तार भी कर जेल भेज दिया गया। पुलिस टीमें शेष उपद्रवियों की गिरफ्तारी में जुटी है। एसपी की कार्यवाही को लेकर पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ हैं।