‘‘सोनिया गांधी सहित विपक्ष के प्रमुख नेता रहे मौजूद‘‘
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया‘ की ओर से बी. सुदर्शन रेड्डी ने आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस मौके पर विपक्ष की ताकत और एकजुटता साफ तौर पर देखने को मिली, जब कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सपा नेता रामगोपाल यादव, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, और कई अन्य प्रमुख नेता रेड्डी के साथ मौजूद रहे।
सुदर्शन रेड्डी ने चार सेटों में अपना नामांकन दाखिल किया, जिनमें प्रत्येक में 20 प्रस्तावक और 20 समर्थक शामिल थे। इससे पहले, रेड्डी ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों और महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत की। गौरतलब है कि एनडीए ने भी एक दिन पहले ही सी.पी. राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार घोषित किया था, जो दक्षिण भारत से आते हैं। ऐसे में दोनों प्रमुख गठबंधनों ने दक्षिण भारत के चेहरों पर दांव खेलते हुए इस बार के चुनाव को “दक्षिण बनाम दक्षिण” की प्रतिस्पर्धा में तब्दील कर दिया है। यह क्षेत्रीय संतुलन और राजनीतिक संदेश देने की एक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
संख्या बल भले कमजोर, विपक्ष ने नहीं छोड़ी उम्मीद
हालांकि संसद में एनडीए का संख्या बल विपक्ष के मुकाबले मजबूत है, लेकिन ‘इंडिया‘ गठबंधन ने मुकाबले को एकतरफा नहीं बनने देने का पूरा प्रयास किया है। नामांकन की प्रक्रिया को एक शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया गया, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में सुबह 11 बजे सभी विपक्षी नेता एकत्र हुए और बाद में सामूहिक रूप से राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया गया।
सोशल मीडिया पर भी दिखा उत्साह
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने नामांकन कार्यक्रम की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए इसे “लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण” बताया।
क्या कहते हैं राजनीतिक जानकार?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विपक्ष इस चुनाव को जीतने की संभावना भले ही कम रखता हो, लेकिन वह इसे 2026 की रणनीतिक तैयारी और एकजुटता दिखाने के अवसर के रूप में देख रहा है। साथ ही यह एक संदेश भी है कि ‘इंडिया‘ गठबंधन अब केवल चुनावी गठजोड़ नहीं, बल्कि एक वैचारिक मंच के रूप में भी खुद को स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।
उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 : उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए ‘इंडिया‘ गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने दाखिल किया नामांकन

