अनिल अंबानी के ठिकानों पर सीबीआई के छापे

‘‘सोनिया गांधी और मुकेश अंबानी की मुलाकात से चर्चाओं का बाजार गर्म‘‘
‘‘स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े मामले में छह ठिकानों पर एक साथ रेड‘‘
‘‘सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर, आगे भी हो सकती है छापेमारी‘‘
नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। 
मुकेश अंबानी की सोनिया गांधी से मुलाकात की चर्चाओं के बाद उनके भाई अनिल अंबानी के व्यवसायिक ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी क्या आने वाले कल की तस्दीक कर रही है। ऐसे में जब सबकुछ ठीक हो रहा था इसके बीच इस छापेमारी की गूंज दूर तक जाने की उम्मीद है और इसे हल्के में लिया नहीं जाना चाहिए। आज सुबह रिलायंस कम्युनिकेशंस और अनिल अंबानी के छह ठिकानों पर सीबीआई की रेड की खबर ने तहलका मचा दिया। सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस और उसके मालिक अनिल अंबानी के ठिकानों पर छापे मारे।
बैंक में धोखाधड़ी का मामला
कार्रवाई बैंक में धोखाधड़ी के एक मामले में की गई है। आरोप है कि इस धोखाधड़ी से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को लगभग 2000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सीबीआई ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। सीबीआई का कहना है उसे इस मामले में कुछ गड़बड़ लग रही है। इससे पहले 5 अगस्त को ईडी ने अनिल अंबानी से लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की थी। यह पूछताछ 17000 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक लोन धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में थी।
नहीं मिली 10 दिनों की मोहलत
अनिल अंबानी ने पूछताछ के दरम्यिन दस्तावेज जमा करने के लिए 10 दिन का समय मांगा था लेकिन जांचकर्ता संतुष्ट नहीं हैं। ईडी को शक है कि यस बैंक द्वारा दिए गए लोन में गड़बड़ी हुई है और शेल कंपनियों के माध्यम से फंड को दूसरी जगह भेजा गया है।
अरबों रुपये का कर्ज
ईडी के आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड पर 5,901 करोड़ रुपये से अधिक, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड पर 8,226 करोड़ रुपये से अधिक और आरकॉम पर लगभग 4,105 करोड़ रुपये का कर्ज है। यह कर्ज लगभग 20 सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंकों के एक समूह का है जिसमें यस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक शामिल हैं।