समीकरणों की जंग और सियासी नब्ज़
बृजेश चतुर्वेदी
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश की राजनीति में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। पहली नज़र में यह केवल एक प्रशासनिक कवायद लग सकती है, लेकिन इसके पीछे चुनावी गणित और सामाजिक समीकरणों की गहरी परतें छिपी हुई हैं। अगले दो साल में विधानसभा चुनाव होने हैं और इससे पहले भाजपा अपने हर कदम को बेहद सोच-समझकर उठा रही है।
बीते एक हफ्ते में ठाकुर, कुर्मी और लोध समाज ने अलग-अलग मंचों और बैठकों के ज़रिए अपनी मौजूदगी और ताकत का एहसास भाजपा नेतृत्व को कराया है। ये बैठकें महज़ औपचारिक संवाद नहीं थीं, बल्कि एक तरह का राजनीतिक संदेश थीं—कि सत्ता में हिस्सेदारी अब केवल संख्या पर नहीं, बल्कि सक्रियता और दबाव बनाने की क्षमता पर भी निर्भर करेगी।
भाजपा के सामने असली चुनौती यही है। सत्ता में रहते हुए उसे हर समाज की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को संतुलित करना होगा। यदि एक समाज को तरजीह मिलती है तो दूसरा समाज उपेक्षा का शिकार महसूस करता है। यही वजह है कि छोटे-छोटे सामाजिक समूह भी अब संगठित होकर अपने प्रतिनिधित्व की मांग तेज़ कर रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस दौर में भाजपा पर दबाव सबसे ज्यादा रहेगा। विपक्षी दल खासकर सपा इस स्थिति को अपने लिए अवसर के रूप में देखेंगे, लेकिन सीधा नुकसान भाजपा को झेलना पड़ सकता है। अगर समाज दर समाज बैठकों और लामबंदी का सिलसिला इसी तरह बढ़ता गया तो भाजपा का संतुलन बिगड़ना तय है।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह साफ़ कर दिया है कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार केवल नए चेहरों की एंट्री नहीं होगा, बल्कि यह भाजपा की राजनीतिक सूझबूझ और सामाजिक प्रबंधन की परीक्षा होगी।
सवाल यही है—क्या भाजपा सभी समाजों की नाराज़गी दूर कर पाएगी या फिर मंत्रिमंडल विस्तार नए विवादों की शुरुआत करेगा?

