कन्नौज: वोटर लिस्ट में गड़बड़ पर सामने आए असीम अरुण, बोले होगी कार्रवाई

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर सरकार पर निशाना साधने वाले सपा प्रमुख के करीबी लोगों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी है। इसकी जानकारी राज्य सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने वीडियो जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि कन्नौज में अखिलेश का दाहिना हाथ रहा नवाब सिंह और उसके भाइयों के दो-दो जगह वोटरलिस्ट में नाम हैं। अब इसकी जांच करवा कर कार्रवाई कराई जाएगी।

कन्नौज सदर सीट से विधायक और राज्य सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने सोमवार सुबह एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के समय समाजवादी पार्टी ने वोटों में खूब धांधली की। इसका जीता जागता उदाहरण पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का करीबी नवाब सिंह यादव है।

वोटरलिस्ट में उसका नाम बूथ संख्या 233 अडंगापुर में दर्ज हैं, जबकि कन्नौज के प्राथमिक विद्यालय ग्वाल मैदान के बूथ संख्या 299 पर भी उसका नाम दर्ज है। इसी तरह नवाब सिंह यादव के भाई नीलू यादव और कल्यान सिंह यादव के भी नाम अडंगापुर के बूथ संख्या 233 और ग्वाल मैदान के बूथ संख्या 300 पर दर्ज हैं।

जेल में बंद है नवाब सिंह यादव

उन्होंने कहा कि वह जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र सौंपकर नवाब सिंह और उसके भाइयों के दो-दो जगह वोट मामले में जांच कराने और कार्रवाई करने की मांग करेंगे। फिलहाल नवाब सिंह नाबालिग से रेप के आरोप में 12 अगस्त 2024 से जेल में बंद हैं। उनका भाई नीलू यादव भी जेल में है।

मंत्री असीम अरुण ने कहा कि जब वोटरलिस्ट की गहनता से पड़ताल की गई तो इस तरह की खामियां निकल कर सामने आईं। इनके सुधार के लिए चुनाव आयोग काम कर रहा है तो समाजवादी पार्टी हल्ला मचाने लग गई। उन्होंने कहा कि इस तरह के अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा जिन्होंने दो या तीन जगहों पर अपने वोट बनवा रखे हैं। समाजवादी पार्टी को चुनाव आयोग से माफी मांगनी चाहिए और वोटरलिस्ट सत्यापन के काम में सपोर्ट करें।