कन्नौज : सम्पूर्ण समाधान दिवस में आई 152 में से 13 शिकायतें मौके पर निस्तारित

डीएम ने किसानों को दिए तिलहन के निशुल्क बीज किट 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील तिर्वा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कुल 152 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष 139 शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा कैम्प लगाए गए। जिसमें यूनानी विभाग में 95 तथा आयुर्वेदिक विभाग में 102 लोगों का चिकित्सीय उपचार किया गया। चिकित्सा विभाग की ओपीडी में 66 मरीजों की जांच की गई। दिव्यांगजन विभाग द्वारा 05 प्रकरणों की जांच की गई, जिनके प्रमाण-पत्र डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। कृषि विभाग द्वारा फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत 06 किसानों की खतौनी को आधार से जोड़ा गया तथा प्रधानमंत्री योजनान्तर्गत 07 लाभार्थियों के डाटा की जाँच कर समस्याओं का समाधान किया गया। पर्यटन विभाग ने सभी तहसीलों में कैम्प लगाकर बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होम स्टे नीति-2025 का प्रचार-प्रसार किया और इकाइयों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजीकृत किसानों अतर सिंह, यशकरन सिंह, प्रेम नारायण, सरोजनी देवी, राजरानी, सुनील और शिवशंकर को प्रति एकड़ 2 किलोग्राम का निःशुल्क मिनीकिट बीज तोरिया वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त 06 किसानों को खतौनी में नाम संशोधन कर भू-अभिलेख अधिकार प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से हो। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन, जनता दर्शन एवं जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समाधान भी प्राथमिकता से किया जाए। सोसाइटी में किसानों को उर्वरक न देने जैसी शिकायत न मिले, प्रत्येक सोसाइटी में साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए तथा किसानों के प्रति अधिकारियों-कर्मचारियों का व्यवहार सौम्य और सहयोगात्मक होना चाहिए। श्रम प्रवर्तन अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बाल श्रम से संबंधित शिकायतें कहीं से न आएं। जल निगम को प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में और सुधार किया जाए। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी/कर्मचारी द्वारा शिकायत का गलत निस्तारण किया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

श्री अग्निहोत्री ने कहा ने कि फार्मर रजिस्ट्री के तहत जनपद का लक्ष्य 2,92,635 किसानों का है, जिसके सापेक्ष अब तक 1,46,397 किसानों का पंजीकरण पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि शेष किसान भाई अपनी खतौनी, आधार व मोबाइल लिंक कराकर निकटतम जनसेवा केंद्र पर पंजीकरण कराएं। इससे उन्हें बीज/उर्वरक प्राप्ति, फसल बीमा, केसीसी सहित अन्य योजनाओं का लाभ सहजता से मिलेगा।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। प्रत्येक योजना को टारगेट आधारित तरीके से लागू कर समय पर लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। सरकारी नीतियों का क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चकबन्दी विभाग वर्ष 1990 में जले हुए गाँवों के भू-अभिलेख तैयार करने का कार्य राजस्व विभाग के सहयोग से शीघ्र पूर्ण करे, ताकि वहां के किसान भी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, उपजिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार चौरसिया, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।