‘‘पैमाइश के नाम पर मांगी थी रकम‘‘
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। यूपी के गोंडा में करनैलगंज तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला को देवीपाटन मंडल एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इसे तहसील परिसर के सरकारी आवास से गिरफ्तार किया गया है।
एंटी करप्शन टीम प्रभारी राम सहाय यादव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला मूल रूप से लखनऊ के शक्तिनगर इंदिरानगर का रहने वाला है। पिछले करीब दो साल से करनैलगंज तहसील में तैनात था। पिछले एक साल से करनैलगंज तहसील के थाना परसपुर, शाहपुर धनावा निवासी राम कुमार को पैमाइश रिपोर्ट लगाने के लिए दौड़ा रहा था।
गोरखपुर के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा
ऐसे में पीड़ित रामकुमार ने एंटी करप्शन टीम से कार्रवाई की मांग की। टीम ने आरोपी की धरपकड़ के लिए प्रयास किए तो 10 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ तहसील परिसर के सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद देहात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसे गोरखपुर के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।
राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला 10 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार