नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने रविवार को पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार 6 महीने में नई संसद को सत्ता सौंप देगी। कार्की ने कहा कि तोड़फोड़ की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ जांच होगी।
नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने रविवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने 12 सितंबर की रात शपथ ली थी। पदभार संभालने के बाद कार्की ने कहा कि तोड़फोड़ की घटना में जो लोग भी शामिल हैं, उनकी जांच की जाएगी। मैं और मेरी टीम यहां सत्ता का स्वाद चखने नहीं आए हैं। हम 6 महीने से ज्यादा नहीं रुकेंगे। इसके बाद नई संसद को जिम्मेदारी सौंप देंगे। कार्की ने ऐलान किया कि सरकार विरोधी आंदोलनों में मारे गए लोगों को शहीद घोषित किया जाएगा। कार्की ने कहा, ‘नेपाल की जनता के समर्थन के बिना हम सफल नहीं हो सकते। नेपाल में 27 घंटे लंबा आंदोलन पहली बार हुआ है। लोग आर्थिक समानता और भ्रष्टाचार खत्म करने की मांग कर रहे हैं। नेपाल को फिर से खड़ा करने के लिए सभी को एक साथ आना होगा। हम पीछे नहीं हटेंगे। हम अपने देश को दोबारा मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। हमें जेन जेड पीढ़ी की सोच के अनुसार आगे बढ़ना होगा। रविवार को काठमांडू और अन्य शहरों की सड़कों पर हालात सामान्य होते दिखा। यातायात कम है और धीरे-धीरे दुकानें खुल रही हैं। नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की नियुक्ति से लोगों में नई उम्मीद जगी है। जेन जेड के प्रदर्शनकारियों ने 8 सितंबर को केपी ओली सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था। प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में 50 से ज्यादा लोग मारे गए।
केपी शर्मा ओली ने जेन जेड के प्रदर्शनकारियों के दबाव में 9 सितंबर को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 12 सितंबर को पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का मुखिया नियुक्त किया। 13 सितंबर को 275 सदस्यीय संसद को भंग करते हुए 5 मार्च 2026 को चुनाव कराने की तारीख तय की गई। आपको बता दें,कि रविवार को चीन ने कार्की को प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, चीन मैडम सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देता है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि चीन और नेपाल की दोस्ती सदियों पुरानी है। चीन, नेपाल के लोगों के द्वारा चुने गए विकास के रास्ते का सम्मान करता है। हम नेपाल के साथ मिलकर शांति, सहयोग और दोस्ती को और आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने संभाला पदभार
