बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। हिंदी भाषा की महत्ता और गौरव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज जनपद कन्नौज के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों सहित राधा देवी आदर्श संस्कृत उत्तर माध्यमिक विद्यालय, गुरसहायगंज तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तिर्वा आदि विद्यालयों में हिंदी दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने कविता पाठ, भाषण, निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रतिभाग कर हिंदी के प्रति अपने प्रेम और लगाव को अभिव्यक्त किया। साथ ही सुलेख प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने सुंदर हस्तलिपि और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए हिंदी भाषा की गरिमा को नए आयाम प्रदान किए।
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, आचार्यों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से अपनी मातृभाषा के प्रति गर्व और सम्मान की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया तथा सभी को हिंदी भाषा के प्रति और अधिक जागरूक एवं दक्ष बनने के लिए प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने हिंदी दिवस के अवसर पर अपने संदेश में कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पहचान और राष्ट्र की एकता की मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि सुलेख प्रतियोगिता जैसी गतिविधियाँ न केवल छात्रों में भाषा-प्रेम को बढ़ाती हैं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और सृजनात्मकता के विकास में भी सहायक होती हैं।

