बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जनपद कन्नौज के अंतर्गत विभिन्न आयल कम्पनियों से प्राप्त पेट्रोल पंप अनापत्ति प्रमाण पत्र के निर्गत एवं लम्बित आवेदनों के बारे मे बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लम्बित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक आपत्तियों के कारण आवेदनों को लम्बित न रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल पंपों की स्थापना ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में ऊर्जा आपूर्ति एवं रोजगार सृजन से सीधे जुड़ी है, अतः इसमें पारदर्शिता एवं गति दोनों आवश्यक हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि 26 पेट्रोल पंपों के विभिन्न विभागों द्वारा जो आवेदन लम्बित हैं, उनका निस्तारण यथाशीघ्र किया जाए। सभी विभाग अपने-अपने लंबित प्रकरणों की स्थिति अद्यतन कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। साथ ही वास्तविक आपत्तियों को शीघ्र दूर कर अनुमन्य प्रकरणों में अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए “नो हेलमेट-नो पेट्रोल-नो एंट्री” जागरूकता अभियान निरन्तर चलाएं जाएं और लोगों को जागरूक किया जाए कि हेलमेट एक जीवन रक्षा कवच है, यह सिर्फ जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और दूसरों की जान बचाने में सहायक है। पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल न दिए जाने की कड़ी निगरानी की जाए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुश्री ईज्या तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

