अपनी ही पार्टी के पूर्व सांसद पर छवि धूमिल करने का आरोप
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। छिबरामऊ में जमीन कब्जा और मारपीट को लेकर सोशल मीडिया पर फैली खबरों ने राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नेहा त्रिपाठी ने इन खबरों को पूरी तरह फर्जी बताते हुए इसे सुनियोजित साजिश करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी उनकी छवि धूमिल करने में लगे हैं। त्रिपाठी ने प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि 25 सितंबर को जिस जमीन विवाद का जिक्र किया जा रहा है, उससे उनका कोई संबंध नहीं है। उस समय वह लंबे समय से लखनऊ में रह रही थीं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी उनके खिलाफ अफवाहें फैलाई जा चुकी हैं। इस बार भी फर्जी पोस्ट और कमेंट्स के स्क्रीनशॉट प्रशासन को सौंप दिए गए हैं। नेहा त्रिपाठी ने पूर्व सांसद पर भी उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में जब उन्होंने टिकट की दावेदारी की थी, तभी उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई थी। अब फिर से टिकट की राजनीति के चलते ऐसी साजिशें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से दावेदारी करेंगी। यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह पार्टी के चुनाव चिन्ह से ही लड़ेंगी, अन्यथा वरिष्ठों की सलाह और बांके बिहारी जी के आदेश के अनुसार निर्णय लेंगी। उन्होंने कहा, “पार्टी मेरे लिए माता समान है। “नेहा त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला सशक्तिकरण नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मोदी जी महिलाओं का सम्मान करते हैं और उन्हें आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश और प्रदेश स्तर पर उन्हें किसी नेता से शिकायत नहीं है, लेकिन लोकल स्तर पर कुछ नेता उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।