बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) आशीष कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में जनपद के ईंट भट्टों पर कार्यरत श्रमिकों के हित एवं सुरक्षा से संबंधित बैठक सम्पन्न हुई।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि ईंट भट्टों की स्थापना हेतु निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ईंट भट्ठा स्वामी यह सुनिश्चित करें कि जिस नंबर की ईंट तैयार की जा रही है, उसी के अनुसार चट्टे लगाए जाएं तथा समस्त लेखा-पुस्तिकाएं सही एवं अद्यतन स्थिति में रखी जाएं, जिससे निरीक्षण के समय सटीक लेखा-जोखा उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि भट्टों में कार्यरत सभी श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाए ताकि किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में उन्हें शासन की ओर से देय मुआवजा एवं लाभ प्राप्त हो सके। बिना पंजीकरण के श्रमिक किसी भी लाभ के पात्र नहीं होंगे। यह भी स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से कार्य कराना पूर्णतः प्रतिबंधित एवं दंडनीय अपराध है।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए आवास, शौचालय, शुद्ध पेयजल, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल श्रमिकों के प्रति किसी भी प्रकार का शोषण न हो और उनके प्रति सम्मान की भावना रखी जाए। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने सभी ईंट भट्ठा स्वामियों से कहा कि एक साझा ग्रुप बनाया जाए, जिससे शासन की नवीन गाइडलाइनों की जानकारी समय-समय पर सभी तक तुरंत पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करें। बाहरी प्रदेशों से आने वाले श्रमिकों का पूरा विवरण रखा जाए ताकि कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था सुव्यवस्थित बनी रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि हम सभी को मिलकर उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है और राष्ट्र के विकास में योगदान देना है। उन्होंने भट्ठा स्वामियों से कहा कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सभी भट्ठों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें तथा किसी भी दशा में अवैध गतिविधि नहीं होनी चाहिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनपद के ईंट भट्ठा स्वामीगण उपस्थित रहे।

