कन्नौज: आधे अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे कराएं: डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मनरेगा, अन्नपूर्णा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, सांसद/विधायक निधि  संबंधित विभिन्न विकासपरक योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक, डीआरडीए को निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत सांसद निधि से प्राप्त 73 प्रस्तावित कार्यों (44 प्रगति पर) की अद्यतन, कार्यवार एवं प्रगति-आधारित विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विधायक निधि के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, व्यय की गई धनराशि तथा भौतिक प्रगति का पूर्ण विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ये सभी कार्य सीधे जनता से जुड़े हैं, अतः प्रत्येक कार्य को निर्धारित समय-सीमा में, सिस्टमैटिक ढंग से एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 100 खेल मैदानों के सापेक्ष 50, 21 मनरेगा पार्कों के सापेक्ष 11, 6 पौराणिक स्थलों के सापेक्ष 5, 75 मॉडल शॉप के सापेक्ष 33, 8 सीएलएफ के सापेक्ष 5 तथा 30 आंगनवाड़ी भवनों के सापेक्ष 12 कार्य पूर्ण किए गए हैं। उपायुक्त मनरेगा को निर्देश दिए गए कि वे स्वयं क्षेत्र में जाकर शेष कार्यों का भौतिक सत्यापन करें तथा उन्हें हर हाल में ससमय पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उचित दर दुकानों के मॉडल शॉप का निरीक्षण संयुक्त रूप से उपायुक्त मनरेगा एवं जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा कराते हुए जियो-टैग्ड फोटोग्राफ सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अमृत सरोवर से संबंधित लंबित कार्यों के लिए ब्लॉकवार संबंधित अधिकारियों को पत्र निर्गत करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने 1,02,779 सक्रिय श्रमिकों के सापेक्ष केवल 66,656 जॉबकार्ड की ई-केवाईसी पूर्ण होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए ई-केवाईसी प्रक्रिया में त्वरित प्रगति लाने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 26 अन्नपूर्णा भवनों के सापेक्ष 24 में प्रारंभ कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखें तथा सभी भवनों में शासन द्वारा निर्धारित रंग, डिज़ाइन एवं पेंटिंग मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

 उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ‘जीरो पॉवर्टी’ योजना के फेज-1 एवं फेज-2 के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं को बिना किसी विलंब के पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त 11 अंत्येष्टि स्थलों पर संचालित कार्यों का निरीक्षण कर फोटोग्राफ सहित संपूर्ण आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं तत्परता के साथ करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुँच सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री रामऔतार सिंह, उपायुक्त मनरेगा श्री दिनेश यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री राजेन्द्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।