कन्नौज : ग्रामीण बैंक समामेलन से उपजी परिस्थिति की डीएम ने की समीक्षा

अगले सप्ताह में लेनदेन सामान्य होने की बैंक ने जताई आशा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आर्यावर्त बैंक समेत प्रदेश की चार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंको के एकीकरण और समामेलन कर एक प्रदेश एक बैंक की भारतीय रिजर्व बैंक की रणनीति की तहत बैंक आफ बड़ोदा द्वारा किये जा रहे तकनीकी परिवर्तनो के परिणाम स्वरूप जिले में ग्रामीण बैंक के लाखों खाता धारकों के समक्ष उपजी लेनदेनकी समस्या से निपटने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आज अपरान्ह अपने कार्यालय कक्ष में वित्तीय अधिकारियों की एक बैठक बुलाई

बैठक में लीड बैंक, क्षेत्रीय प्रवन्धक उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, कोषाधिकारी और एनआईसी के प्रतिनिधियों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी भी शामिल हुए।

बैंक का आईएफएससी कोड बदले जाने और खातों में जारी चेकबुक और डेविट कार्ड निरस्त होने से उत्पन्न परिस्थितियों पर विन्दुवार मंथन हुआ। ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रवन्धक सतीश कुमार ने आस्वस्त किया कि अगले सप्ताह यानी कि 8 अक्टूबर से खाताधारकों का जमा तथा भुगतान सामान्य हो जाने की पूरी आशा है।

कोषाधिकारी का सुझाव था कि भुगतान के लिए लाभार्थी और विभिन्न विभागों के आहरण वितरण अधिकारियो को खातों की फीडिंग करानी होगी ये काम जितनी जल्दी हो जाएगा लदन देन उतनी ही जल्दी सुगम हो जाएगा।

डीएम दो टूक लहजे में निर्देश दिया कि सभी सम्बंधित अफसर स्थिति और सर्वर पर सतर्क निगाह बनाये रखे और स्थित असहज बिल्कुल भी न होने पाए। डीएम ने कहा कि दीपावली का त्योहार सर पर है ऐसे  में कोई भी असहज स्थिति स्वीकार नही की जाएगी।