बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। नदी किनारे अस्पताल का कचरा फेंका जा रहा। यहां दवाइयों के रैपर, सिरिंज, मरीजों को लगाए जाने वाले टेप और वीगो के अवशेष पड़े नजर आए। जिससे नदी का पानी दूषित होने की संभावना है। तिर्वा कन्नौज रोड पर ईशन नदी पुल से करीब 100 मीटर की दूरी पर नदी किनारे अस्पताल का कचरा फेंका जा रहा है।
जिसमें मरीजों पर इस्तेमाल की हुई दवाइयों व अन्य सामग्री के रैपर शामिल हैं। इस तरह से अस्पताल के कचरे से नदी का पानी दूषित होने की संभावना है। नदी के आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि नदी से कुछ दूरी पर ही राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित है।
ये कचरा उसी कॉलेज से अक्सर यहां फिकवाया जाता है। इस कचरे में आवारा पशु भी विचरण करते हैं, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा है। नदी के पास अस्पताल का कचरा फेंके जाने के मामले में नमामि गंगे के परियोजना अधिकारी अजय त्रिपाठी ने बताया कि इससे नदी का पानी दूषित होने की संभावना है।
कचरा किस अस्पताल का है और नदी किनारे क्यों फिकवाया जा रहा, इस मामले का पता लगाकर सम्बंधित अस्पताल को उनके विभाग की ओर से नोटिस भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पतालों से निकलने वाले कचरे को रिसाइकिल करने का जिम्मा प्राइवेट संस्थानों का होता है। वह लोग कचरा ले जाकर रिसाइकिल करते हैं। ऐसा क्यों नहीं हो रहा, उसका भी पता लगाया जाएगा।
