बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच हेतु खाद्य विभाग की सतत कार्यवाही जारी है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) उमेश प्रताप के नेतृत्व में जनपद कन्नौज में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच एवं औचक निरीक्षण की कार्यवाही निरंतर जारी है।
प्राप्त शिकायत के क्रम में खाद्य विभाग की टीम द्वारा बझेड़ी एवं सौरिख क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। इस दौरान बेसन एवं कन्फेक्शनरी का नमूना संग्रहित किया गया। कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार साहू एवं अनिल कुमार राठौर उपस्थित रहे।
टीम द्वारा आगे औचक निरीक्षण के क्रम में परौर सौरिख स्थित राहुल मिष्ठान भण्डार से पेडा एवं मिल्क केक का नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान 85 किलोग्राम खराब मिठाई पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त गुरसहायगंज क्षेत्र में दिलीप महेन्द्र यादव की दुकान से बेसन एवं रिफाइन्ड पामोलीन तेल के नमूने जांच हेतु संग्रहीत किए गए।
इसी क्रम में कन्नौज के जसपुरापुर सरैया स्थित बालाजी ट्रेडर्स से 03 नमूने सूजी, बेसन एवं नमकीन के संग्रहीत किए गए। इस कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार साहू, मंजरी मिश्रा एवं सर्वेश कुमार उपस्थित रहे।
सभी संग्रहीत नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त दोषी पाए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
आगामी त्योहारों दीपावली, भैयादूज आदि के दृष्टिगत जनपद कन्नौज में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु विभागीय टीमों द्वारा सतत निगरानी एवं औचक छापेमारी की कार्यवाही अनवरत जारी रहेगी।

