‘‘सीजेआई पर जूता फेंकने के मामले में बोले अखिलेश‘‘
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कुछ लोगों के हाथ में जाकर तो जूता भी अपमानित महसूस करता है। पीडीए समाज का अपमान करनेवाले ऐसे असभ्य लोग दरअसल अपने दंभ और अहंकार के मारे होते हैं। इनकी प्रभुत्ववादी सोच नफरत को जन्म देती है, जो देश के सर्वोच्च न्यायिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए जितनी होती है, उतनी ही समाज के सबसे कमजोर अंतिम व्यक्ति के लिए भी। ऐसे लोग वर्चस्ववाद की बीमारी से घोर ग्रसित होते हैं। हम इसलिए कहते हैं, पीडीए का मतलब है ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित्य। पीडीए समाज की उदारता और भलमनसाहत 5000 सालों से ऐसे लोगों को माफ करती आई है, लेकिन इस हद तक अपमान के बाद पीडीए समाज अब और नहीं सहेगा। भाजपा और उसके संगी-साथी अपनी सत्ता के अंतिम दौर में हैं , क्योंकि उनकी भ्रष्ट चुनावी साजिश का भंडाफोड़ हो चुका है, वो अब कभी नहीं जीतेंगे। इसीलिए हताश होकर वो ऐसे कुकृत्य कर रहे हैं। भाजपाई इस बार जाएंगे तो फिर कभी नहीं आएंगे क्योंकि जब आबादी का 90 प्रतिशत हिस्सा अपने हक-अधिकार के लिए जाग गया है तो 10 प्रतिशत का गुरूर और सिंहासन अब और नहीं टिकेगा।

