कन्नौज : प्रदेश में सेवन स्टार वाला पहला कॉलेज बना सरस्वती विद्या मंदिर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तिर्वा को पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिला है। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा हुए प्रदेश स्तरीय असेसमेंट में यह विद्यालय हर साल बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम दे रहा है तो इसके परीक्षार्थी प्रदेश की मेरिट लिस्ट में भी स्थान ला रहे हैं। परिषद ने इस विद्यालय को ए डबल प्लस ग्रेड के साथ ही सेवन स्टार रेटिंग प्रदान की है।

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तिर्वा जनपद कन्नौज ने शिक्षण के क्षेत्र में अपना सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश मे व जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा किए गए प्रदेश स्तरीय असेसमेंट के आधार पर विद्यालय को ए डबल प्लस ग्रेड व प्रदेश में हुए 27,917 विद्यालयों में व जनपद कन्नौज के 349 विद्यालयों के सर्वे में प्रदेश व जिले में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।

असेसमेंट के आधार पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व विद्यालय में छात्रों के लिए उपलब्ध अत्याधुनिक संसाधनों से सज्जित प्रयोगशालाएं, शिक्षण क्रियाकलाप, डिजिटल स्मार्ट क्लासेस और निरंतर प्रदेश स्तर की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की मेरिट में से छात्रों के स्थान को आधार मानकर चयन किया गया है। विद्यालय के प्रबंधक त्रिलोकीनाथ चतुर्वेदी ने बताया निकट भविष्य में यह विद्यालय देश के अग्रणी स्कूलों में गिना जाएगा।

सरस्वती विद्या मंदिर तिर्वा में विद्या भारती की पंचपदीय शिक्षण पद्धति व यूपी बोर्ड के सभी मानकों के आधार पर शिक्षण कार्य होता है। अनुभवी आचार्यों के समर्पण की वजह से आज प्रदेश में पहला स्थान मिला है।

– अनिल कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य

सरस्वती विद्या मंदिर तिर्वा जनपद ही नहीं, बल्कि प्रदेश का अग्रणी शिक्षण संस्थान है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के प्रदेश स्तरीय असेसमेंट में इस स्कूल को ए डबल प्लस ग्रेड व सेवन स्टार रेटिंग मिली है।

– पप्पू सरोज, जिला विद्यालय निरीक्षक