कन्नौज : मोहर्रम पर एलर्ट मोड में जिला, डीएम -एसपी खुद सड़कों पर उतरे

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। मोहर्रम के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर आमजन से संवाद किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की मुस्तैदी भी चेक की गई।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने तैनात फोर्स को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

मोहर्रम को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से जिले को 03 जोन व 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस तथा पीएसी बल का डिप्लॉयमेंट किया गया है। सभी रूटों की सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरों से निरंतर निगरानी रखी जा रही है।