कन्नौज : हत्यारा डकैत अभी भी पुलिस पकड़ से दूर, दहशत में बेटियां

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  18 दिन पहले महिला की हत्या कर दिनदहाड़े डकैती डालने के आरोपी टाइल्स मिस्त्री का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। हत्या और डकैती जैसी जघन्य वारदात को ससुर और दामाद ने मिलकर अंजाम दिया था। दामाद को तो पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया, लेकिन 50 हजार का इनामी जसवंत अभी भी फरार है।

शहर के कुतुलूपुर मोहल्ले की रहने वाले सुनीता श्रीवास्तव के घर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम चल रहा था। यहां 22 सितम्बर की दोपहर टाइल्स लगाने वाले जसवंत चौहान और उसके दामाद सूरज कश्यप ने सुनीता की उन्हीं के मकान में हत्या कर दी और ऊपर कमरे में मौजूद उनकी बड़ी बेटी कोमल श्रीवास्तव को बंधक बनाकर लूटपाट की थी।

इस सनसनीखेज वारदात से स्थानीय लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमें लगा दीं। घटना के चार दिन बाद 26 सितम्बर को पुलिस ने टाइल्स मिस्त्री के दामाद सूरज को गंगधरापुर के पास मुठभेड़ में पकड़ लिया। हालांकि घटना के 18 दिन बाद भी पुलिस टीमें टाइल्स मिस्त्री जसवंत को पकड़ने में सफल नहीं हो सकीं।

हत्या और लूट की वारदात में शामिल जसवंत के न पकड़े जाने से मृतक सुनीता की दोनों बेटियां कोमल और दीया श्रीवास्तव दहशत में हैं। सुनीता की मौत के बाद घर में सिर्फ उनकी बेटियां हैं। डर की वजह से फिलहाल कोई न कोई रिश्तेदार और परिवारीजन उनके यहां रुके हुए हैं।

बेटियों की मांग है कि बदमाशों का एनकाउंटर होना चाहिए। अगर वह जीवित बच गए तो कभी भी जमानत पर छूट सकते हैं और तब वह फिर से कोई वारदात कर सकते हैं। किसी दूसरे परिवार को भी निशाना बना सकते हैं। ऐसे बदमाशों को जिंदा नहीं छोड़ा जाना चाहिए। मामले को लेकर एसपी बिनोद कुमार का कहना है कि पुलिस टीमें लगातार जसवंत को पकड़ने के लिए प्रयास में जुटी हैं।