कन्नौज :  दोनों पालियों में 2817 परीक्षार्थियों ने छोड़ी लोक सेवा आयोग की परीक्षा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा०) परीक्षा–2025 एवं सहायक वन संरक्षक / क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा०) परीक्षा–2025 जनपद के 06 परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा प्रथम सत्र प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय सत्र अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक दो पालियों में आयोजित की गई। जिसमें कुल 2400 परीक्षार्थियों के सापेक्ष प्रथम पाली में 993 उपस्थित व  1407 परीक्षार्थी अनुपस्थित तथा दूसरी पाली में 990 उपस्थित व 1410 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से परीक्षा केन्द्र के.के. इंटर कॉलेज (ग्वाल मैदान, कन्नौज), पी.एस.एम. पी.जी. कॉलेज (मकरंदनगर, कन्नौज), भारतीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज (खास सिकंदरपुर), किसान इंटर कॉलेज (रानी अवंतीबाई नगर, तिर्वा गंज), डी.एन. कॉलेज एंड ए.के. स्कूल (मो० दुर्गा नगर, तिर्वा खास) एवं सरदार पटेल इंटर कॉलेज (कचाटीपुर, पोस्ट इंदरगढ़) का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए केन्द्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि “परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।”

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की सुचारू एवं निर्विघ्न सम्पन्नता हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता की सूचना प्राप्त नहीं हुई। सभी केन्द्रों पर परीक्षाएं पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराई गईं। उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं के सफल संचालन में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।