कन्नौज : एफएसडीए टीम ने भरे खाद्य पदार्थो के 4 नमूने, 600 किलो खाद्य तेल सीज़

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज पर्व पर खोया, पनीर, दूध, घी, मिठाईयां, नमकीन, ड्राई फ्रूट, खाद्य तेल, वनस्पति, रंगीन मीठे खिलौने एवं अन्य खाद्य तथा पेय पदार्थों में मिलावट की रोकथाम तथा मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अनिल कुमार राठौर, सर्वेश कुमार एवं अरविंद कुमार साहू के छापामार दल द्वारा तिर्वा तहसील क्षेत्र में विभिन्न बाजारों में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए, तिर्वा-तालग्राम रोड, तिर्वा सहज डेरी के पास,  तिर्वा पर नारायण ट्रेडर्स जीटी रोड छिबरामऊ के वाहन संख्या यूपी 74 टी 5719 से विक्रय हेतु लेकर जाते हुए, सत्येंद्र कुमार पुत्र श्री सतीश चंद्र निवासी- भगवंतपुर, थाना छिबरामऊ, से रिफाइंड पामोलिन तेल राग ब्रांड का 01 नमूना एवं वहीं पर वाहन संख्या यूपी 74 एटी 1239 से लेकर जाते हुए असलम पुत्र अयूब खान ग्राम- रूरा, थाना ठठिया, कन्नौज से सूजी रस्क का 01 नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। कन्नौज रोड, तिर्वा, कन्नौज स्थित राजेश कुमार पुत्र  श्री शिवराम, निवासी- दुर्गा नगर तिर्वा कन्नौज के किराना स्टोर के गोदाम में, 20 कनस्तरों में रखें, खुले सरसों के खाद्य तेल के 02 नमूने संग्रहित करते हुए, बीस कनस्तरों में लगभग 600 किलो खुला सरसों का खाद्य तेल सीज कर दिया गया, जिसकी अनुमानित बाजारी मूल्य लगभग रू 90000/- है, साथ ही राजू चौरसिया पुत्र श्री सतीश चंद्र चौरसिया निवासी- दुर्गा नगर, तिर्वा, कन्नौज के, कन्नौज रोड, तिर्वा, कन्नौज स्थित खाद्य कारोबार विक्रय प्रतिष्ठान श्री धोलेश्वर किराना स्टोर के गोदाम में ताला बंद होने तथा ताले की चाबी रखने वाले संबंधित व्यक्ति के मौके पर उपस्थित न होने से जनहित में गोदाम का निरीक्षण करने का कार्य बाधित होने के कारण अधिनियम की विधिक प्रक्रियाओं के अंतर्गत निरीक्षण की अग्रिम कार्रवाई तक गोदाम को पुलिस बल की उपस्थिति में सीज कर दिया गया।

आज संग्रहित उपरोक्त सभी 04 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान कार्रवाई से संबंधित सभी बाजारों में खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद्य पदार्थ में मिलावट के संबंध में स्थलीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए, खाद्य पदार्थों के उपभोग के संबंध में जागरूक किया गया। 

जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुसार अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।