बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। पुलिस को देखकर एक छात्र ने काली नदी में छलांग लगा दी। इससे वह पानी में डूब गया। पुलिस और गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश शुरू कर दी गई है। उधर, छात्र की मां ने पुलिस कर्मियों पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना गुरसहायगंज क्षेत्र के देवीपुरवा गांव की है।
कमलेश कुमार के बड़े बेटे किशनपाल की तलाश में रविवार दोपहर पुलिस उनके घर पहुंची। तलाशी के दौरान घर में कमलेश की पत्नी और छोटे बेटे के अलावा कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने 10 वर्षीय रामजीत से भाइयों के बारे में पूछताछ की। रामजीत ने बताया कि बड़ा भाई किशनपाल कहां है, उसे जानकारी नहीं है, जबकि दूसरा भाई धर्मवीर खेत में काम कर रहा है।
पुलिसकर्मी रामजीत को साथ लेकर खेत पर पहुंचे। वहां हाईस्कूल में पढ़ने वाला धर्मवीर आलू की बुवाई कर रहा था। पुलिस को छोटे भाई के साथ देखकर वह घबरा गया। वह भागकर पास की काली नदी की ओर दौड़ा। पुलिसकर्मी भी उसके पीछे दौड़े, लेकिन इससे पहले कि वे उसे पकड़ पाते, धर्मवीर ने नदी के गहरे पानी में छलांग लगा दी। यह देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। कोतवाली प्रभारी आलोक दुबे फोर्स के साथ पहुंचे और छात्र की तलाश के लिए गोताखोरों व नाव की व्यवस्था कराई।
बताया गया कि कमलेश कुमार का बड़ा बेटा किशनपाल करीब दो साल पहले गांव की एक युवती को अपने साथ भगा ले गया था। युवती के परिजनों ने उस समय गुरसहायगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से दोनों का कुछ पता नहीं चला।
पुलिस को सूचना मिली थी कि किशनपाल घर आया है, जिसके बाद टीम तलाशी के लिए पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस किशनपाल को न मिलने पर दबाव बनाने के लिए धर्मवीर को हिरासत में लेने का प्रयास कर रही थी। इसी डर से उसने नदी में छलांग लगा दी।

