नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को सीबीआई ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था। आज डीआईजी हरचरण सिंह और उनके साथ जुड़े बिचौलियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पर सीबीआई दोनों का रिमांड मांगेगी। डीआईजी भुल्लर ने बिचौलियों के जरिए फतेहगढ़ साहिब में मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप कारोबारी से 8 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सीबीआई पर आरोप है कि वो रिश्वत के लिए स्क्रैप कारोबारी को फर्जी मामले फंसाने की धमकी दे रहे थे। मोहाली ऑफिस और चंडीगढ़ स्थित भुल्लर के घर से करोड़े रुपये कैश सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
दिल्ली और चंडीगढ़ से आई 52 सदस्यीय सीबीआई टीम ने उनके मोहाली ऑफिस और चंडीगढ़ सेक्टर-40 स्थित कोठी पर छामेमारी की। डीआईजी की कोठी से 7 करोड़ रुपये कैश बरामद हुए, जो तीन बैग और दो अटैची में रखे थे। नोट गिनने के लिए अफसरों को तीन नोट गिनने वाली मशीनें मंगानी पड़ीं। इसके अलावा डेढ़ किलो स्वर्ण आभूषण, लग्जरी घड़ियां, विदेशी शराब और एक रिवॉल्वर भी बरामद हुई।
2009 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं भुल्लर
सीबीआई को डीआईजी की 15 संपत्तियों और लग्जरी गाड़ियों के दस्तावेज भी मिले। उनकी कोठी से बीएमडब्लू और मर्सिडीज जैसी महंगी गाड़ियां और बैंक लॉकर की चाबियां भी जब्त की गईं। हरचरण 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनके पिता महल सिंह भुल्लर पंजाब के पूर्व डीजीपी रह चुके हैं।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, स्क्रैप कारोबारी ने जिन अफसरों और कर्मचारियों के नाम लिए, उन पर भी नजर रखी जा रही है। कारोबारी ने बताया कि डीआईजी की रिश्वत की मांग पूरी करने में कई अधिकारी भी शामिल थे। सीबीआई इस मामले में अन्य अधिकारियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
भुल्लर की हर महीने की बेसिक सैलरी 2,16,600 रुपये है। साथ ही इसके अलावा भत्ते भी मिलते हैं। उन्होंने 15 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जिसमें जालंधर में फॉर्महाउस और चंडीगढ़ व कपूरथला में जमीन के प्लॉट शामिल हैं।
27 नवंबर 2024 को रोपड़ रेंज के डीआईजी बने
हरचरण सिंह भुल्लर पंजाब के कड़े और सख्त पुलिस अधिकारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने कई हाई-प्रोफाइल मामलों को सुलझाया। नशे के खिलाफ उनका अभियान युद्ध नशेआं विरुद्ध भी काफी सुर्खियों में रहा। 27 नवंबर 2024 को उन्हें रोपड़ रेंज का डीआईजी नियुक्त किया गया। इस पद पर आने के बाद उन्होंने अवैध कार व्यापार और अन्य अनियमितताओं की जानकारी पाई और इस पर काबू पाने के लिए कार्रवाई शुरू की।
सूत्रों के मुताबिक, डीआईजी भुल्लर रिश्वत लेने की पूरी रिकॉर्डिंग डायरी रखते थे। इस डायरी में यह दर्ज होता था कि किस स्रोत से कितनी रकम आई और उसका पूरा लेखा-जोखा किस तरह हुआ। सीबीआई फिलहाल इसी डायरी की तलाश में उनके मोहाली ऑफिस और चंडीगढ़ स्थित घर की छानबीन कर रही है।
पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डीआईजी के घर से मिला खजाना : 7 करोड़ कैश, 1.5 किलो सोना, लग्जरी कारें

