कन्नौज : युवा उद्यमी, लखपति दीदी, पीएम सूर्यघर योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, लखपति दीदी योजना, पीएम सूर्य घर योजना एवं जल जीवन मिशन से संबंधित बैठक सम्पन्न हुई।

 बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के क्रियान्वयन, लाभार्थियों के चयन एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 1700 लक्ष्यों के सापेक्ष 758 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं तथा 711 लाभार्थियों को ऋण वितरण कर लाभान्वित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी बैंक, विशेषकर निजी बैंक, अपनी सहभागिता बढ़ाएँ और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बीते दो सप्ताह में 41 सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। निर्धारित 1057 लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक 799 सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दिसंबर माह तक शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जल जीवन मिशन की प्रगति पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर घर जल सर्टिफिकेशन के अंतर्गत अब तक 61.77 प्रतिशत घरों में जल प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) का कार्य पूर्ण हुआ है, जिसे और गति प्रदान करने की जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्षेत्रवार चार्ट तैयार कर यह दर्शाया जाए कि कितने वर्कर सक्रिय हैं तथा कितना कार्य शेष है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, उपायुक्त एनआरएलएम राजकुमार लोधी, उपायुक्त उद्योग धनंजय सिंह, यू0पी0 नेडा अनुपम राय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।