बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। तहसील तिर्वा परिसर में हसेरन को तहसील का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर बीते 15 दिनों से चल रही अधिवक्ताओं की हड़ताल को उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने आज अपने आश्वासन के उपरांत समाप्त कराया।
मंत्री श्री अरुण ने अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि “आज धनतेरस का शुभ दिन है, हम आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।” उन्होंने कहा कि हसेरन को नई तहसील बनाए जाने संबंधी प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि इस विषय पर सकारात्मक समाधान निकाला जा सके।
मंत्री ने उपस्थित अधिवक्ताओं से आग्रह किया कि त्योहार के अवसर पर परिवार के साथ हर्षोल्लासपूर्वक पर्व मनाएं तथा प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि शासन स्तर पर इस विषय पर संतुलित एवं व्यवहारिक समाधान अवश्य निकाला जाएगा।
मंत्री के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करते हुए न्यायिक कार्यों का पुनः प्रारंभ किया।
इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया सहित जनप्रतिगण उपस्थित रहे।